शायद ही कोई होगा जिसने विदेश घूमने का सपना न देखा हो. कई लोग तो बचपन से ही फिल्मों में विदेश की खूबसूरती देखकर ये ख्वाब देखते आते हैं कि एक दिन वो भी किसी खूबसूरत विदेशी जगह पर छुट्टियां मनाएंगे. लेकिन जैसे-जैसे जिंदगी आगे बढ़ती है, जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं और यही वजह है कि ये सपना अक्सर अधूरा रह जाता है. सच तो ये है कि हर कोई एक साथ इतना पैसा खर्च नहीं कर पाता, इसलिए चाहकर भी विदेश घूमना टलता ही रहता है. कहना गलत नहीं होगा कि इसी चक्कर में लोगों का 'ड्रीम वेकेशन' सिर्फ एक सपना बनकर रह जाता है.
लेकिन कहते हैं न दिल तो बच्चा है जी..वो इन जिम्मेदारियों के बीच भी सपने को पूरा करने के लिए मचलता रहता है. दिल करता है कि बस सब कुछ छोड़कर कहीं दूर निकल जाएं जहां सुकून हो, शांति हो और खुद के लिए थोड़ा वक्त मिल सके. अगर आप भी उन्हीं लोगों में से हैं जो विदेश घूमने का सपना पूरा नहीं कर पा रहे हैं तो ये खबर आपके लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है.
जरा एक पल के लिए सोचिए… अगर आपको ये मौका सच में मिल जाए? वो भी ऐसा मौका जिसमें आपको दुनिया के सबसे खुशहाल देश में पूरे एक हफ्ते तक रहने का मौका मिले वो भी बिल्कुल फ्री में! न टिकट की टेंशन, न होटल का खर्च… बस आप, खूबसूरत नजारों के बीच सुकून भरे पल एक्सपीरियंस कर सकें. चौंक गए ना, क्योंकि सुनने में ये किसी फिल्मी कहानी जैसा लग सकता है, लेकिन यकीन मानिए ये बिल्कुल सच है. अब आपके पास मौका है कि आप बिल्कुल फ्री में विदेश की सैर करके आ सकें. तो अगर आप भी कुछ अलग, कुछ खास और यादगार एक्सपीरियंस चाहते हैं, तो ये मौका आपके लिए ही है.
फ्री में फिनलैंड घूमने का मौका
आपको बिना पैसे खर्च किए फ्री में दुनिया के 'सबसे खुशहाल देश' के नाम से मशहूर फिनलैंड घूमने का मौका मिल रहा है. फिनलैंड इस साल जून में 6 लकी कपल्स को एक बेहद खास और यादगार अनुभव मिलने जा रहा है. ये सिर्फ एक ट्रिप नहीं, बल्कि 7 दिनों का ऐसा सफर होगा जिसमें आप फिनलैंड की लाइफस्टाइल और खूबसूरती को करीब से समझ और जी पाएंगे.
इस खास प्रोग्राम को 'सेवन डे चैलेंज' नाम दिया गया है. इसका मकसद लोगों को सिर्फ घूमना-फिरना नहीं है, बल्कि लोगों को ये सिखाना है कि कैसे थोड़ी देर रुककर, धीरे चलकर और नेचर के साथ जुड़कर जिंदगी को बेहतर और खुशहाल बनाया जा सकता है. इस दौरान चुने गए कपल्स को फिनलैंड के खूबसूरत नजारों, शांत माहौल और वहां की सादगी भरी लाइफस्टाइल को एक्सपीरियंस करने का मौका मिलेगा.
कहां ले जाया जाएगा?
फ्री में मिल रहे इस खास ट्रिप में चुने हुए कपल्स को फिन्निश लेकलैंड (Finnish Lakeland) ले जाया जाएगा. ये न केवल फिनलैंड का बल्कि पूरे यूरोप का सबसे बड़ा लेक डिस्ट्रिक्ट माना जाता है. इस जगह को दुनियाभर में उसकी बेमिसाल खूबसूरती और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. यहां चारों तरफ फैली साफ-सुथरी झीलें, हरियाली भरे जंगल और लकड़ी से बने खास और खूबसूरत घर एक अलग ही सुकून देते हैं.
यहां पहुंचकर आपको ऐसा लगेगा कि आप एक अलग ही शांत दुनिया में पहुंच गए हैं, जहां न भागदौड़ है और न ही स्ट्रेस. आप अपने पार्टनर के साथ झील के किनारे बैठकर खूबसूरत सनसेट का मजा ले सकते हैं, साइकिलिंग करते हुए नेचर को करीब से महसूस कर सकते हैं या आसपास के छोटे-छोटे प्यारे टाउन में घूमकर वहां की लाइफस्टाइल को एक्सप्लोर कर सकते हैं.
इस ट्रिप में क्या-क्या मिलेगा?
ये फ्री ट्रिप 7 दिनों तक चलेगा और इनमें आपको सिर्फ घूमने का ही नहीं, बल्कि एक बिल्कुल नई और सुकून भरी लाइफस्टाइल को करीब से महसूस करने का मौका मिलेगा. यहां हर दिन कुछ नया सीखने और एक्सपीरियंस करने का मौका मिलेगा.
अगर आप सोच रहेंगे कि आपको बस इतना ही मिलेगा तो आप गलत हैं. इस पूरे ट्रिप को और खास बनाने के लिए एक रोड ट्रिप भी होगी. यानी आपको घूमने-फिरने के लिए रेंटल कार भी दी जाएगी, जिससे आप अपनी मर्जी से खूबसूरत जगहों को एक्सप्लोर कर सकेंगे.
लेकिन रोड ट्रिप करने के लिए एक शर्त है. इसके लिए जरूरी है कि आप दोनों में से कम से कम एक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस हो और वो आराम से गाड़ी चला सके.
कब होगी ये ट्रिप?
फिनलैंड के इस खास ट्रिप का पूरा शेड्यूल पहले से तय है, जिससे आप अपनी प्लानिंग आसानी से कर सकते हैं. इस ट्रिप की शुरुआत 11 जून 2026 को हेलसिंकी (Helsinki) से होगी. इसके बाद 12 जून को आपको फिन्निश लेकलैंड ले जाया जाएगा, जहां आप 4-5 दिन खूबसूरत झीलों और नेचर के बीच समय बिताएंगे. 17 जून को आप फिर से हेलसिंकी लौटेंगे और 18 जून 2026 को अपने देश के लिए वापसी करेंगे. अगर आप इस ट्रिप को आगे बढ़ाना चाहते हैं, तो उसका एक्स्ट्रा खर्च आपको खुद उठाना होगा.
| ट्रिप शेड्यूल | |
| तारीख | क्या होगा |
| 11 जून 2026 | हेलसिंकी से ट्रिप की शुरुआत |
| 12 जून 2026 | फिन्निश लेकलैंड के लिए रवाना |
| 17 जून 2026 | हेलसिंकी वापसी |
| 18 जून 2026 | अपने देश के लिए वापसी |
कैसे करें अप्लाई?
इस शानदार मौके के लिए अप्लाई करने के लिए आपको कोई मुश्किल भरा काम नहीं करना है. उल्टा ये काफी आसान है. बस आपको ये स्टेप्स फॉलो करने होंगे:
1. सोशल मीडिया वीडियो बनाएं: आपको अपने ट्रैवल पार्टनर के साथ मिलकर एक छोटा सा वीडियो बनाना होगा, जिसमें आप अपने हिसाब से बताएंगे कि फिन्निश समर हॉलिडे कैसी होगी?
2. फॉर्म भरें: वीडियो बनाने के बाद उसको इंस्टाग्राम या टिकटॉक पर पोस्ट करें और उसका लिंक एप्लिकेशन फॉर्म में डाल दें. इसका फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 29 मार्च 2026 है.
क्या है जरूरी शर्तें?
अप्लाई करने से पहले आपको इन जरूरी बातों का ध्यान रखना होगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क