मार्च में बादाम के फूलों से गुलज़ार होता है श्रीनगर का यह ऐतिहासिक बाग!

कश्मीर जाने वाले अक्सर ट्यूलिप गार्डन का इंतजार करते हैं, लेकिन श्रीनगर में एक ऐसी जगह भी है जो मार्च का महीना आते ही किसी जादुई दुनिया में बदल जाती है. जिसे देखकर आप ट्यूलिप को भी भूल जाएंगे.

Advertisement
मार्च में घूमने के लिए बेस्ट है कश्मीर (Photo- Pexels) मार्च में घूमने के लिए बेस्ट है कश्मीर (Photo- Pexels)

aajtak.in

  • नई दिल्ली ,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 5:38 PM IST

कश्मीर में बसंत का मौसम शुरू होते ही फिजाएं बदलने लगती हैं. ठंडी हवाओं के बीच हल्की धूप और खिलते फूल घाटी को नई रंगत दे देते हैं. हम जिस बाग की बात कर रहे हैं उसका नाम है 'बादामवारी', जो इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बन जाता है.

श्रीनगर के इस मशहूर बाग में मार्च का महीना आते ही बादाम के पेड़ों पर गुलाबी और सफेद फूल खिल उठते हैं और पूरा बाग किसी खूबसूरत सपने जैसा दिखाई देने लगता है. यही वजह है कि इन मनमोहक नजारों को देखने के लिए हर साल मार्च के महीने में यहां भीड़ उमड़ती है. तो चलिए जानते हैं इस ऐतिहासिक बाग की खासियत और क्यों यह बसंत में कश्मीर का सबसे आकर्षक स्थल बन जाता है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: इस होटल में होगी रश्मिका और विजय की शादी,जानें क्यों है यह इतना खास

किले की तलहटी में बसा है ये खूबसूरत बाग

यह बाग ऐतिहासिक हरि पर्वत किले के बिल्कुल नीचे बना हुआ है. जब बादाम के पेड़ों पर गुलाबी और सफेद फूल खिलते हैं, तो पहाड़ों के बीच का यह नजारा वाकई देखने लायक होता है. यहां का शांत माहौल लोगों को सुकून देता है, इसीलिए यह सबकी पसंदीदा जगह है. इतना ही नहीं, बाग के पास ही हजरत मखदूम साहिब दरगाह और गुरुद्वारा छट्टी पदशाही जैसे ऐतिहासिक स्थल भी हैं. यही वजह है कि सैलानियों के साथ-साथ लोकल लोग भी यहां भारी संख्या में पहुंचते हैं. पीछे खड़ा ऐतिहासिक किला और सामने फूलों की खूबसूरती, यह मेल इस जगह को फोटोग्राफी के लिए सबसे बेस्ट बना देता है.

Advertisement

बाग की खूबसूरती को और बढ़ाने के लिए प्रशासन ने यहां हजारों लैवेंडर के पौधे भी लगाए हैं. दरअसल, इसे एक खास 'थीम गार्डन' के तौर पर तैयार किया गया है, ताकि आने वाले समय में यहां और भी अधिक पर्यटक पहुंचें. बादाम के फूलों के साथ लैवेंडर का यह मेल इस बाग की सुंदरता में चार चांद लगा देता है.  इसके पीछे की असल कोशिश यही है कि यहां आने वाला हर सैलानी अपने साथ एक अलग और यादगार अनुभव लेकर जाए.

यह भी पढ़ें: जापानी युवक का भारत से ऐसा प्यार, बाइक से 12 बार लगाया पूरे देश का चक्कर

फोटोग्राफी और प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग

कश्मीर में बादाम के पेड़ उन पेड़ों में शामिल हैं, जो सबसे पहले खिलना शुरू करते हैं. आमतौर पर मार्च के बीच से लेकर अप्रैल के मध्य तक यहां फूलों का पूरा निखार देखने को मिलता है. इस दौरान पूरा बगीचा एक भीनी-भीनी खुशबू से भर जाता है, जो फोटोग्राफी के शौकीनों और प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है.

ऐतिहासिक किले के साये में बसे इन बागों में लोग सुकून की तलाश में घंटों समय बिताते हैं. अगर आप भी इस जादुई नजारे को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं, तो मार्च के मध्य से लेकर अप्रैल की शुरुआत तक का समय सबसे बेस्ट है. इस दौरान बादाम के पेड़ अपने पूरे शबाब पर होते हैं.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement