IPL: दिल्ली को पंजाब का चैलेंज, पंत को परेशान कर पाएंगे बराड़-बिश्नोई?

आईपीएल के 14वें सीजन के 29वें मैच में रविवार को अहमदाबाद में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से होगा. पंजाब की टीम लय कायम रखकर प्लेऑफ में प्रवेश का टीम का दावा पुख्ता करने उतरेगी.

Advertisement
DC vs PBKS DC vs PBKS

aajtak.in

  • अहमदाबाद,
  • 02 मई 2021,
  • अपडेटेड 1:08 PM IST
  • अहमदाबाद में दिल्ली का मुकाबला पंजाब किंग्स से
  • अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है दिल्ली कैपिटल्स

आईपीएल के 14वें सीजन के 29वें मैच में रविवार को अहमदाबाद में दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से होगा. पंजाब की टीम लय कायम रखकर प्लेऑफ में प्रवेश का टीम का दावा पुख्ता करने उतरेगी. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मुकाबला शाम 7.30 बजे शुरू होगा.  

पंजाब किंग्स के युवा स्पिनर हरप्रीत बराड़ और रवि बिश्नोई ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरी हैं. पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बराड़ ने 19 रन देकर 3 और बिश्नोई ने भी 19 रन देकर 2 विकेट लिये. दोनों ने मिलकर 8 ओवर डाले और 36 रन देकर 5 विकेट चटकाए. 

Advertisement

अब उनका सामना दिल्ली से है, जिसका स्पिनरों के खिलाफ बेहतर रिकॉर्ड है. सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और पृथ्वी शॉ शानदार फॉर्म में भी हैं. धवन अब तक 311 और शॉ 269 रन बना चुके हैं, जिसमें 71 चौके और 15 छक्के शामिल हैं .

दिल्ली कैपिटल्स की टीम अब तक 7 मैचों में 5 जीत हासिल कर चुकी है, जबकि पंजाब किंग्स के खाते में इतने ही मैचों में 3 जीत हैं.  

PBKS vs DC: आंकड़े क्या कहते हैं..?     

आईपीएल रिकॉर्ड की बात करें, तो पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अब तक (2008-2021) 27 मुकाबले हुए हैं. पंजाब ने 15, जबकि दिल्ली ने 12 मैचों में बाजी मारी है. पिछले 5 मैचों में दिल्ली ने 3 बार पंजाब को मात दी. 

दिल्ली के पास स्टीव स्मिथ और ऋषभ पंत भी मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं. गुगली फेंकने वाले बिश्नोई का लक्ष्य पंत को परेशान करने का होगा, जो स्पिनरों को डीप मिडविकेट में खेलने के आदी हैं,

Advertisement

नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर गेंद पर पकड़ मजबूत रहती है और पारी आगे बढ़ने पर बल्लेबाजी मुश्किल हो जाती है. ऐसे में पंजाब के फॉर्म में चल रहे कप्तान केएल राहुल टॉस जीतने पर बल्लेबाजी चुन सकते हैं, उन्होंने बेंगलुरु के खिलाफ 57 गेंदों में नाबाद 81 रन बनाए थे.

दिल्ली की टीम में अनुभवी लेग स्पिनर अमित मिश्रा की वापसी हो सकती है. ऐसे में ललित यादव को बाहर रहना होगा, हालांकि केकेआर के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया था. अक्षर पटेल अपने हरफनमौला हुनर से टीम को संतुलन देते हैं.

यह मुकाबला शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों का होगा, जिसमें राहुल की तकनीक के सामने शॉ की आक्रामकता होगी. जबकि क्रिस गेल अपनी शैली में पंत पर भारी पड़ने की कोशिश में होंगे.

दिल्ली को तेज गेंदबाजी विभाग में बढ़त हासिल है. उसके पास आवेश खान, कैगिसो रबाडा और ईशांत शर्मा जैसे गेंदबाज हैं. आवेश अब तक 13 विकेट ले चुके हैं, जबकि रबाडा ने भी लय हासिल कर ली है.

पंजाब के लिए भी समस्या निरंतरता की रही है. कप्तान राहुल (331 रन) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका है. गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने 8 विकेट लिये, जबकि जाय रिचर्डसन और रिले मेरेडिथ महंगे साबित हुए.

Advertisement

टीमें इस प्रकार हैं -

दिल्ली कैपिटल्स: ऋषभ पंत (कप्तान), शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे, शिमरॉन हेटमेयर, मार्कस स्टोइनिस, क्रिस वोक्स, शम्स मुलानी, अमित मिश्रा, ललित यादव, प्रवीण दुबे, कैगिसो रबाडा, एनरिक नोर्तजे, ईशांत शर्मा, आवेश खान, स्टीव स्मिथ, उमेश यादव, रिपल पटेल, विष्णु विनोद, लुकमान मेरीवाला, एम सिद्धार्थ, टॉम करेन, सैम बिलिंग्स और अनिरुद्ध जोशी.

पंजाब किंग्स: केएल राहुल (कप्तान), मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, मनदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह, निकोलस पूरन, सरफराज खान, दीपक हुड्डा, मुरुगन अश्विन, रवि बिश्नोई, हरप्रीत बराड़, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, ईशान पोरेल, दर्शन नालकंडे, क्रिस जॉर्डन, डेविड मलान, जाय रिचर्डसन, शाहरुख खान, रिले मेरेडिथ, मोइजेस हेनरिक्स, जलज सक्सेना, उत्कर्ष सिंह, फैबियन एलन, सौरभ कुमार.


Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement