इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 2022 सीजन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए अब तक अच्छा नहीं रहा है. सीएसके ने सीजन से ठीक दो दिन पहले ही महेंद्र सिंह धोनी की जगह ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को कप्तान बनाया था. जडेजा के नेतृत्व में सीएसके ने शुरुआती 8 में से 2 मैच ही जीते थे.
कप्तानी का दबाव जडेजा की बैटिंग और बॉलिंग पर भी दिखाई दे रहा था. ऐसी स्थिति में जडेजा ने कप्तानी छोड़कर वापस धोनी को सौंप दी. खराब प्रदर्शन के चलते जडेजा की काफी आलोचना हो रही है. इस पर अब टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री का भी बयान आया है.
... जडेजा ने कभी कहीं कोई कप्तानी नहीं की
शास्त्री ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से कहा, 'वह (जडेजा) एक नेचुरल कैप्टन नहीं है. उसने किसी भी स्तर पर कप्तानी नहीं की है, इसलिए मेरा मानना है कि ऐसे में उसे कप्तानी की जिम्मेदारी देना जडेजा के लिए मुश्किल साबित हुआ. लोग जड्डू को जज कर सकते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि इसमें उसकी कोई गलती नहीं है. उसने कभी कहीं कोई कप्तानी नहीं की है. वह पानी के बगैर मछली की तरह नजर आ रहा था. वह पूरी तरह से अलग दिखे.'
बतौर खिलाड़ी खेलना ही जडेजा के लिए ठीक होगा
पूर्व भारतीय कोच ने कहा, 'उनके लिए यही सही होगा कि वह एक खिलाड़ी के तौर पर ही खेलें, क्योंकि ऑलराउंडर्स में वह अपने काम में दुनिया में सबसे बेहतर में से एक हैं. अब उनको सिर्फ अपने क्रिकेट पर ध्यान देने दें. (उन्हें कप्तानी देने का निर्णय) सीएसके को कुछ मैच हारकर चुकाना पड़ा.'
जडेजा ने अब तक आईपीएल 2022 सीजन में 10 मैच खेले, जिसमें 19.33 की औसत से सिर्फ 116 रन बनाए हैं. इस सीजन में जडेजा बॉलिंग में भी फीके नजर आए. गेंदबाजी में उन्होंने सिर्फ 5 विकेट झटके हैं.
aajtak.in