टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने मजाकिया अंदाज में बताया कि टीम के युवा स्टार अभिषेक शर्मा की बढ़ती लोकप्रियता देखकर कभी-कभी भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ी भी थोड़ी जलन महसूस करने लगते हैं. इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में शनिवार को दो वर्ल्ड चैम्पियन अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने शिरकत की. इस दौरान सैमसन ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप से पहले जब भी टीम किसी दौरे पर जाती थी, तो फैंस सिर्फ अभिषेक शर्मा को देखने के लिए लाइन लगा लेते थे.
अभिषेक की लोकप्रियता पर क्या बोले संजू
सैमसन ने कहा कि अभिषेक शर्मा हमारी टीम का बड़ा सुपरस्टार है. वह जहां भी जाता है लोग उसे ही खोजते हैं. उन्होंने हंसते हुए कहा, पहले तो लड़कों को थोड़ा जलन होने लगी थी. हर जगह ‘अभिषेक-अभिषेक’ ही सुनाई देता था. हम सोचते थे कि क्या लोगों को सिर्फ वही दिखाई देता है?” लोग टीम बस को घेर लेते हैं और केवल अभिषेक-अभिषेक ही चिल्लाते हैं.
संजू ने क्यों अभिषेक को दी शादी की सलाह
संजू ने अभिषेक की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें खुशी होती है कि लोग अभिषेक से इतना प्यार करते हैं. लेकिन कभी-कभी हमें जलन भी होती है क्योंकि हमारी टीम में भी तो सब लड़के ही हैं. और हम जहां जाते हैं वहां केवल अभिषेक को ही लोग देखना चाहते हैं. केवल उसी से मिलना चाहते हैं.
इसी बीच, सैमसन ने कार्यक्रम में अभिषेक की मजेदार टांग खिंचाई भी की. उन्होंने मजाक में कहा कि अभिषेक को जल्दी शादी कर लेनी चाहिए, ताकि बाकी खिलाड़ियों को भी थोड़ा लाइमलाइट मिल सके. उन्होंने हंसते हुए कहा, लेकिन हां, वह अब टीम के सुपरस्टार हैं. जल्दी शादी कर लो भाई.
यह भी पढ़ें: 'केरल-पंजाब की हमारी दोस्ती में सब FIRE ही है', संजू सैसमन ने सुनाया अभिषेक संग ओपनिंग का किस्सा
इंटरनेशनल क्रिकेट में तेज़ी से उभरे अभिषेक
अभिषेक शर्मा ने आईपीएल के शानदार प्रदर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा और बहुत जल्दी अपनी पहचान बना ली. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और तेज स्ट्राइक रेट ने उन्हें टी20 क्रिकेट के उभरते सितारों में शामिल कर दिया. वर्ल्ड कप में भी वह भारत की योजना का अहम हिस्सा थे. हालांकि टूर्नामेंट की शुरुआत में बीमारी की वजह से वह पूरी तरह लय में नहीं दिखे और स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ संघर्ष भी किया. लेकिन फाइनल में उन्होंने वापसी करते हुए टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर सिद्धिविनायक पहुंचे सूर्या-गौतम, अभिषेक ने किए वैष्णो देवी के दर्शन
सभी फॉर्मेट खेलने का सपना
कार्यक्रम के दौरान अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनका अंतिम लक्ष्य भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलना है. उन्होंने बताया कि पिछले दो साल में युवराज सिंह से उन्होंने बहुत कुछ सीखा है. अभिषेक ने कहा कि वह सिर्फ अपने प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहते हैं और जो चीज उनके हाथ में नहीं है, उसकी चिंता नहीं करते. साथ ही उन्होंने कहा कि भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलना भी उनका बड़ा सपना है. अब अभिषेक शर्मा सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल 2026 में खेलते नजर आएंगे.
aajtak.in