टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया. इस जीत के साथ भारतीय टीम तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई. अहमदाबाद में रविवार को खेले गए इस मुकाबले में भारत की जीत के साथ एक छोटा सा विवाद भी चर्चा में रहा, जिसमें भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल आमने-सामने आ गए थे.
मैच के बाद अर्शदीप सिंह ने इस पूरे विवाद पर मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी और माहौल हल्का कर दिया.
11वें ओवर में हुआ था विवाद
दरअसल न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में अर्शदीप सिंह गेंदबाजी कर रहे थे. उसी दौरान उन्होंने गेंद बल्लेबाज की ओर फेंकी, जो सीधे डेरिल मिचेल को लग गई. इस पर मिचेल नाराज हो गए और गुस्से में अर्शदीप की ओर बढ़ने लगे. हालांकि कुछ ही देर में मामला शांत हो गया और खिलाड़ियों ने स्थिति संभाल ली.
मैच के बाद अर्शदीप का मजेदार जवाब
फाइनल जीतने के बाद जब अर्शदीप से इस घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इसे मजाकिया अंदाज में समझाया. अर्शदीप ने कहा, मैं तुरंत मिचेल के पास माफी मांगने चला गया था. जब मैंने गेंद फेंकी तो वह रिवर्स स्विंग हो गई और उन्हें लग गई.
गेंदबाजों की भूमिका पर भी बोले
अपने रोल के बारे में बात करते हुए अर्शदीप ने कहा कि गेंदबाजों का लक्ष्य सिर्फ विपक्षी टीम को कम से कम स्कोर पर रोकना था. उन्होंने कहा, अगर हम 250 रन बनाते तो हमारा काम उन्हें 250 से कम पर रोकना था. और अगर पहले गेंदबाजी करते तो कोशिश रहती कि उन्हें जितना कम हो सके उतने रन पर रोकें.
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप फाइनल में पिच पर गरमा-गर्मी, अर्शदीप ने मारी गेंद तो बॉलर के पीछे बल्ला लेकर दौड़े मिचेल, VIDEO
भारत की ऐतिहासिक जीत
इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का बड़ा स्कोर बनाया. टीम की ओर से संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने शानदार अर्धशतक लगाए. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ही सिमट गई.
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का खिताब लेते हुए इमोशनल हो गए संजू सैमसन, सुनाया सचिन तेंदुलकर का किस्सा
पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा. टीम को सिर्फ एक मैच में हार मिली, वह भी सुपर-8 चरण में साउथ अफ्रीका के खिलाफ. इसके बाद भारत ने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया.
aajtak.in