कौन है जिम्बाब्वे का ये बल्लेबाज, जिसे T20 वर्ल्ड कप में कोई आउट नहीं कर पा रहा? श्रीलंका के खिलाफ भी काटा गदर

जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को 6 विकेट से पराजित कर ये बता दिया है कि उसे कोई भी टीम हल्के में लेने की कोशिश ना करे. जिम्बाब्वे ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और ओमान पर भी जीत दर्ज की थी. जिम्बाब्वे के इस शानदर खेल में ब्रायन बेनेट स्टार बनकर उभरे हैं.

Advertisement
ब्रायन बेनेट का शानदार प्रदर्शन जारी है. (Photo: Getty) ब्रायन बेनेट का शानदार प्रदर्शन जारी है. (Photo: Getty)

aajtak.in

  • कोलंबो,
  • 19 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:23 PM IST

जिम्बाब्वे का आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जबरदस्त प्रदर्शन जारी है. अब जिम्बाब्वे ने गुरुवार (19 फरवरी) को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका को 6 विकेट से हरा दिया. मुकाबले में श्रीलंका ने जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 179 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 19.3 ओवरों में हासिल कर लिया. जिम्बाब्वे ने ग्रुप-बी में तीनों मुकाबले जीते, जबकि एक मैच उसका धुल गया. जिम्बाब्वे 7 अंकों के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर रहा. जिम्बाब्वे अब सुपर-8 में भारत, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज का सामना करेगा.

Advertisement

जिम्बाब्वे की श्रीलंका पर इस जीत जीत में सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट का अहम रोल रहा. बेनेट ने 48 गेंदों पर नाबाद 63 रन बनाए, जिसमें 8 चौके शामिल रहे. बेनेट एक एंड पर जमे रहे, जिसके चलते बाकी बल्लेबाजों पर उतना प्रेशर नहीं बना. बेनेट से इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और ओमान के खिलाफ भी जिम्बाब्वे की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. जिम्बाब्वे के खिलाफ बेनेट ने नाबाद 64 रन बनाए थे, जबकि ओमानी टीम के विरुद्ध बेनेट के बल्ले से नाबाद 48 रन निकले थे. कहने का अर्थ यह है कि बेनेट को मौजूदा वर्ल्ड कप में अब तक कोई भी गेंदबाज आउट नहीं कर पाया है.

ब्रायन बेनेट मौजूदा दौर में जिम्बाब्वे के बेहतरीन क्रिकेटर्स में गिने जाते हैं. साल 2022 में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में बेनेट ने जिम्बाब्वे के लिए शानदार खेल दिखाया था. उन्होंने छह मैचों में 45.50 की औसत 273 रन बनाए और वो टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे. इसी प्रदर्शन ने उन्हें सीनियर स्तर पर आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया. बेनेट ने महज दस महीनों के भीतर माउंटेनियर्स के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया. वह स्पेंसर मैगोडो की जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर टीम में शामिल हुए. फरवरी 2023 में उन्होंने अपना टी20 डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने 41 रनों की तेज पारी खेलकर प्रभाव छोड़ा. इसके बाद उनका ग्राफ तेजी से ऊपर गया और दस महीने के भीतर ही उन्हें सीनियर टीम में मौका मिला. बेनेट ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू 7 दिसंबर 2023 को आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले से किया था.

Advertisement

बेनेट के जुड़वा भाई भी क्रिकेटर
मई 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में ब्रायन बेनेट ने 49 गेंदों पर 70 रनों की शानदार पारी खेली. यह उनके करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक था. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी बेनेट ने जल्दी ही अपनी छाप छोड़ी. अपने पांचवें ही मैच में शतक जड़ने के बाद फरवरी 2024 में उन्होंने ईगल्स के खिलाफ नाबाद 264 रनों की विस्फोटक पारी खेली. 259 गेंदों की इस पारी में उन्होंने 33 चौके और 3 छक्के लगाए. इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें जुलाई 2024 में आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया. बेनेट के जुड़वा भाई डेविड बेनेट भी 2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे थे. दोनों भाइयों ने साथ मिलकर जिम्बाब्वे की जूनियर क्रिकेट में खास पहचान बनाई.

22 साल के ब्रायन बेनेट ने जिम्बाब्वे के लिए अब तक 11 टेस्ट, 11 ओडीआई और 55 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. टेस्ट मैचों में बेनेट ने 29.94 की औसत से 509 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे. वहीं वनडे इंटरनेशनल में दाएं हाथ के बल्लेबाज बेनेट के नाम पर 31.63 की औसत से 348 रन दर्ज हैं. वनडे इंटरनेशनल में बेनेट ने एक शतक लगाया है. टी20 इंटरनेशनल में बेनेट ने 1 शतक और 11 अर्धशतकों की मदद से 1771 रन बनाए हैं. टी20 इंटरनेशनल में बेनेट का औसत 35.42 और स्ट्राइक रेट 143.16 रहा है. बेनेट ने अपनी ऑफ स्पिन बॉलिंग से इंटरनेशनल क्रिकेट में 12 विकेट भी झटके हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement