टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले चल रही एक बड़ी अफवाह पर खुद सामने आकर प्रतिक्रिया दी है. इस दिग्गज बल्लेबाज ने इन दावों का मजाक उड़ाते हुए साफ कर दिया कि यह पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद हैं.
दरअसल, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से यह मांग की है कि अगर मैचों के बीच तीन दिन से ज्यादा का गैप हो, तो उन्हें लंदन आने-जाने के लिए चार्टर्ड फ्लाइट दी जाए. रविवार (22 मार्च) को कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सिर्फ दो हंसने वाली इमोजी पोस्ट कर इन अफवाहों को खारिज कर दिया.
कोहली का पोस्ट और थमी अफवाह
इन खबरों ने सोशल मीडिया पर तेजी से तूल पकड़ा, लेकिन विराट कोहली की छोटी-सी प्रतिक्रिया ने पूरे विवाद को शांत कर दिया. यह भी साफ हो गया कि वह इस तरह की अटकलों से नाखुश हैं,
विराट कोहली हाल ही में लंदन से भारत लौटे हैं और आईपीएल 2026 के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कैम्प से जुड़ चुके हैं. डिफेंडिंग चैम्पियन आरसीबी को 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ सीजन का पहला मुकाबला खेलना है.
विराट कोहली का लंदन में समय बिताना पिछले कुछ समय से चर्चा में रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह ऑफ-सीजन में वहां अपने परिवार के साथ अपेक्षाकृत सामान्य जीवन जीने की कोशिश करते हैं. उन्होंने अपने बच्चों (वामिका और अकाय) को लगातार मीडिया और फैन्स की नजरों से दूर रखने पर भी जोर दिया है.
हालांकि, इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी छिड़ी हुई है. कुछ लोगों का मानना है कि लंबे समय तक विदेश में रहना एक राष्ट्रीय खिलाड़ी की छवि को प्रभावित कर सकता है, जबकि कई फैन्स उनके निजी जीवन के फैसलों का समर्थन भी कर रहे हैं.
फिलहाल, विराट कोहली ने अपने खास अंदाज में यह साफ कर दिया है कि चार्टर्ड फ्लाइट को लेकर जो भी बातें चल रही हैं, उनका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है.
aajtak.in