आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भले ही इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने अपनी विस्फोटक पारी से स्टेडियम में मौजूद हर क्रिकेट फैन को रोमांचित कर दिया. भारत के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 22 वर्षीय बेथेल ने तूफानी शतक जड़कर इतिहास रच दिया,
254 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही, लेकिन जैकब बेथेल ने क्रीज पर आते ही भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने मैदान के हर कोने में शानदार शॉट लगाए और दबाव को पूरी तरह भारत पर डाल दिया. बेथेल ने केवल 48 गेंदों में 105 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और सात छक्के शामिल रहे.
यह भी पढ़ें: बुमराह के बंप कैच पर उछल पड़ीं साक्षी... धोनी का कूल रिएक्शन VIRAL
क्रिस गेल से आगे निकले जैकब बेथेल
जैकब बेथेल ने सिर्फ 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक रहा. इस सूची में शीर्ष पर न्यूजीलैंड के फिन एलन हैं, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में 33 गेंदों में शतक जड़ा था. तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल का नाम आता है, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था.
इतना ही नहीं, जैकब बेथेल ने महज 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया, जो टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में किसी बल्लेबाज की संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी रही. इससे पहले टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में फिन एलन ने भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक लगाया था.
टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक
33 गेंदें- फिन एलन बनाम साउथ अफ्रीका, कोलकाता, सेमीफाइनल 2026
45 गेंदें- जैकब बेथेल बनाम भारत, वानखेड़े, सेमीफाइनल 2026
47 गेंदें- क्रिस गेल बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े, 2016
50 गेंदें- क्रिस गेल बनाम साउथ अफ्रीका, जोहानिसबर्ग, 2007
50 गेंदें- हैरी ब्रूक बनाम पाकिस्तान, पल्लेकेले, 2026
मुकाबले में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. टीम इंडिया के लिए संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 42 गेंदों में 89 रन बनाए. उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. सैमसन के अलावा शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा ने भी तेज-तर्रार पारियां खेलीं, जिसकी बदौलत भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया.
यह भी पढ़ें: भारतीय टीम वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची, हाईस्कोरिंग थ्रिलर में इंग्लैंड पस्त, सैमसन की पारी बेथेल पर भारी
254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की उम्मीदें लगभग पूरी तरह जैकब बेथेल की बल्लेबाजी पर टिकी हुई थीं. एक समय ऐसा लग रहा था कि वह अकेले दम पर मैच इंग्लैंड की झोली में डाल देंगे, लेकिन आखिरी ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी की. हार्दिक पंड्या ने दो बड़े विकेट लेकर इंग्लैंड की उम्मीदों को झटका दिया, जबकि जसप्रीत बुमराह ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 33 रन देकर एक विकेट हासिल किया. भारतीय गेंदबाजों की संयमित गेंदबाजी के कारण इंग्लैंड की टीम सात विकेट पर 246 रन ही बना सकी और भारत ने सात रनों से जीत दर्ज कर ली.
इंग्लैंड को सेमीफाइनल हार का सामना करना पड़ा, लेकिन जैकब बेथेल की यह ऐतिहासिक पारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की सबसे यादगार पारियों में गिनी जाएगी. जिस अंदाज में उन्होंने भारतीय गेंदबाजों का सामना किया, उसने साबित कर दिया कि इंग्लैंड को भविष्य के लिए एक बड़ा मैच विनर मिल चुका है.
aajtak.in