आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने 96 रनों से जीत हासिल की. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (8 मार्च) को खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का टारगेट सेट किया था. न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और वो लक्ष्य से काफी दूर रह गई. भारत ने ओवरऑल तीसरी और लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता है.
भारत की जीत के बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने एक बेहद भावुक खुलासा किया. ईशान ने बताया कि फाइनल से एक दिन पहले उनकी चचेरी बहन की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी, लेकिन उन्होंने टीम के लिए मैदान पर उतरने का फैसला किया. इस मुकाबले में ईशान किशन ने 4 छक्के और 4 चौके की मदद से 25 गेंदों पर 54 रन बनाए. ईशान ने यह जीत अपनी दिवंगत बहन को समर्पित किया.
हार्दिक पंड्या ने ईशान को दी हिम्मत
ईशान ने कहा कि यह उनके लिए बेहद मुश्किल समय था, लेकिन साथ खिलाड़ी हार्दिक पंड्या ने उन्हें हिम्मत दी और देश के लिए खेलने की प्रेरणा दी. ईशान किशन ने पत्रकारों से कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो मैच से एक दिन पहले मेरी चचेरी बहन की कार दुर्घटना में मौत हो गई थी. मैंने उनके लिए अच्छा खेलने की कोशिश की. मैंने हार्दिक भाई से बात की, उन्होंने कहा कि टीम को सबसे आगे रखो. मैं यह जीत उन्हें समर्पित करता हूं. चूंकि महिला दिवस भी है, इसलिए यह मेरे लिए और भी खास है.'
यह भी पढ़ें: टी20 खिताब के बाद अब ओलंपिक में गोल्ड... कप्तान सूर्या ने बताया टीम इंडिया का अगला मिशन
टीम से बाहर रहने के दौर को याद करते हुए ईशान किशन ने कहा कि उन्होंने विराट कोहली से एक अहम सीख ली. ईशान ने कहा, 'मैंने ज्यादा सोचना बंद कर दिया. बस अपना काम करते रहा और उन चीजों के बारे में मत सोचा जो आपके नियंत्रण में नहीं हैं. यही विराट भाई हमेशा करते थे.'
ईशान किशन ने यह भी बताया कि जब टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम का चयन होना था, तब कप्तान सूर्यकुमार यादव का फोन आया था. ईशान ने कहा, 'जब सूर्या भाई का फोन आया तो मैंने स्क्रीनशॉट ले लिया, लगा कि वर्ल्ड कप के लिए कॉल है. उन्होंने पूछा कि वर्ल्ड कप जीतेगा क्या. मैंने कहा कि आप भरोसा करोगे क्या. उन्होंने फिर कहा कि तुझ पर भरोसा किया.'
यह भी पढ़ें: गंभीर वर्ल्ड कप जीत के बाद आलोचकों पर जमकर बरसे, कहा- सोशल मीडिया नहीं, ड्रेसिंग रूम के लिए जवाबदेह
ईशान किशन के लिए पिछले दो-तीन साल आसान नहीं रहे. राहुल द्रविड़ के कोच रहते हुए वह टीम से बाहर हो गए थे. साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान बीच सीरीज में ब्रेक लेने के फैसले से चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट को उनसे नाराजगी हुई थी. हालांकि ईशान ने घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान फिर से अपनी ओर खींचा. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में झारखंड की कप्तानी करते हुए उन्होंने लगातार रन बनाए और टीम को खिताब भी दिलाया.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वापसी के बाद ईशान किशन का बल्ला जमकर बोला. उन्होंने सीरीज के आखिरी मैच में शतक भी लगाया और टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह पक्की कर ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ईशान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 317 रन बनाए और वो टूर्नामेंट में भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे.
aajtak.in