फाइनल में प्लेइंग-11 से आउट होंगे अभिषेक शर्मा? खराब फॉर्म के बीच हरभजन सिंह ने खुलकर किया सपोर्ट

भारतीय टीम को न्यूजीलैंड संग फाइनल 8 मार्च को खेलना है. खिताबी मुकाबले के लिए अभिषेक शर्मा प्लेइंग-11 में बने रहते हैं या नहीं, ये देखने वाली बात होगी. अभिषेक मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में महज 89 रन बना सके हैं.

Advertisement
अभिषेक शर्मा का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है. (Photo: AP) अभिषेक शर्मा का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है. (Photo: AP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 06 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 6:32 PM IST

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन अब तक उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है. दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक का बल्ला मौजूदा टूर्नामेंट में लगभग खामोश ही रहा है. सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड के खिलाफ वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, जिससे उनकी फॉर्म को लेकर सवाल और तेज हो गए हैं.

Advertisement

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में अभिषेक शर्मा सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए. अभिषेक ऑफ-स्पिनर विल जैक्स की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में फिल साल्ट के हाथों मिडविकेट पर लपके गए. आम तौर पर ऐसी गेंदों को अभिषेक आसानी से बाउंड्री के पार भेज देते हैं, लेकिन इस बार उनकी टाइमिंग पूरी तरह चूक गई. उनकी बॉडी लैंग्वेज से साफ दिख रहा था कि वह इस समय आत्मविश्वास की कमी से जूझ रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 6 गेंद, 6 रन, बुमराह की 'बॉम्बिंग...', 18वें ओवर में ऐसे डूबा अंग्रेजों का जहाज!

अभिषेक शर्मा ने मौजूदा टूर्नामेंट की शुरुआत लगातार तीन डक के साथ किया था, जिसने फैन्स को चौंका दिया. जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 55 रन जरूर बनाए, लेकिन उनकी फॉर्म फिर से खराब हो गई.  इस टी20 वर्ल्ड कप में अभिषेक के स्कोर 0, 0, 0, 15, 55, 10 और 9 रहे हैं. यानी अभिषेक ने 7 पारियों में 12.71 की खराब औसत से 89 रन बनाए हैं.

Advertisement

ऑफ-स्पिनर्स के जाल में फंस रहे अभिषेक
एक दिलचस्प बात यह भी रही कि अभिषेक शर्मा को मौजूदा वर्ल्ड कप में ऑफ स्पिन गेंदबाजों ने सबसे ज्यादा परेशान किया है. ग्रुप स्टेज में नीदरलैंड्स के ऑफ-स्पिनर आर्यन दत्त ने उन्हें आउट किया था. जबकि पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने भी उन्हें पवेलियन भेजा. अब सेमीफाइनल में विल जैक्स ने उनका विकेट ले लिया.

लगातार खराब प्रदर्शन के बाद अभिषेक शर्मा को टीम से बाहर करने की मांग भी उठने लगी है. भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि फाइनल के लिए अभिषेक को ड्रॉप करना सही फैसला नहीं होगा. अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए हरभजन ने कहा कि टीम मैनेजमेंट को इस समय युवा खिलाड़ी का समर्थन करना चाहिए.

भज्जी ने अभिषेक का किया सपोर्ट
हरभजन सिंह ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि टीम उन्हें बाहर बैठाएगी और मेरी भी यही राय है कि उन्हें बाहर नहीं करना चाहिए. यह वही समय है जब खिलाड़ी का सपोर्ट किया जाता है. हम मानते हैं कि वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं, लेकिन वह इससे बाहर कैसे आएंगे? तभी जब उन्हें खेलने का मौका मिलेगा. अगर आप उन्हें बेंच पर बैठ देंगे तो उनका आत्मविश्वास और गिर जाएगा.'

यह भी पढ़ें: बुमराह के बंप कैच पर उछल पड़ीं साक्षी... धोनी का कूल रिएक्शन VIRAL

Advertisement

इस बीच भारतीय बल्लेबाजी क्रम में बदलाव को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने यह सुझाव दिया है कि मिडिल ऑर्डर को मजबूत करने के लिए रिंकू सिंह को टीम में शामिल किया जाए, जबकि ईशान किशन को संजू सैमसन के साथ ओपनिंग के लिए भेजना सही रहेगा. बता दें कि विकेटकीपर बल्लेबाज संजू शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी. फिर सेमीफाइनल में उन्होंने 89 रन बना डाले.

तमाम चर्चाओं के बावजूद भारतीय टीम मैनेजमेंट ने अभी तक अभिषेक शर्मा पर भरोसा बनाए रखा है. टीम को उम्मीद है कि यह युवा बल्लेबाज बड़े मैच में वापसी कर सकता है. टूर्नामेंट की शुरुआत में अभिषेक पूरी तरह फिट नहीं थे और उनकी तबीयत भी ठीक नहीं थी. ऐसे में संभव है कि इसका असर उनके प्रदर्शन पर पड़ा हो. अब सबकी नजर फाइनल पर है. अगर अभिषेक शर्मा उस मैच में बड़ी पारी खेलने में सफल होते हैं, तो भारत के लिए इससे अच्छी चीज और क्या होगी...

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement