भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव 7 मई (गुरुवार) को पिता बने थे. सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा ने बेटी को जन्म दिया था, जो इस कपल के लिए एक खूबसूरत लम्हा रहा. सूर्यकुमार-देविशा अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत दौर का आनंद ले रहे हैं. अब सूर्या ने अब पहली बार सोशल मीडिया पर अपनी बेटी की झलक फैन्स के साथ शेयर की है. इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी नन्ही परी का नाम भी रिवील कर दिया है, जिसे सुनकर फैन्स बेहद खुश नजर आए.
सूर्यकुमार यादव ने इंस्टाग्राम पर पत्नी देविशा शेट्टी और बेटी के साथ एक बेहद प्यारी तस्वीर शेयर की. माना जा रहा है कि यह फोटो अस्पताल की है, जब कपल अपनी बेटी को घर लेकर आया. पोस्ट शेयर करते हुए सूर्यकुमार ने लिखा, 'हमारी सबसे बड़ी खुशी से मिलिए, रिद्धिमा.' यानी सूर्यकुमार ने बताया कि उनकी बेटी का नाम 'रिद्धिमा' है.
जैसे ही सूर्यकुमार यादव ने अपनी बेटी का नाम रिवील किया, सोशल मीडिया पर फैन्स और क्रिकेटर्स की बधाइयों की बाढ़ आ गई. कई लोगों ने 'रिद्धिमा' नाम को बेहद खूबसूरत और प्यारा बताया. फैन्स का कहना है कि यह नाम सूर्यकुमार यादव और देविशा शेट्टी की जिंदगी में आई खुशियों को पूरी तरह दर्शाता है.
'रिद्धिमा' संस्कृत मूल का बेहद लोकप्रिय भारतीय नाम है. इसका अर्थ प्यार से भरपूर, समृद्धि, सफलता, सौभाग्य माना जाता है. यह नाम देवी लक्ष्मी और देवी सरस्वती से भी जोड़ा जाता है.
बेटी के जन्म के बावजूद सूर्यकुमार यादव ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दौरान अपनी जिम्मेदारियां भी निभाई हैं. वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) vs मुंबई इंडियंस (MI) मैच के लिए रायपुर पहुंचे. इससे पहले मुंबई एयरपोर्ट पर सूर्यकुमार यादव पैपराजी और रिपोर्ट्स को मिठाई बांटते नजर आए थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क