श्रीलंका के खिलाफ 5 रनों से मिली जीत के बावजूद पाकिस्तान आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गया. यह लगातार चौथा आईसीसी टूर्नामेंट है, जिसमें पाकिस्तान सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाया. इससे पहले 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैम्पियंस ट्रॉफी में भी पाकिस्तानी टीम नाकाम रही थी.
श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान के सामने समीकरण बिल्कुल साफ था. पाकिस्तानी टीम श्रीलंका को 147 या उससे कम के स्कोर पर रोकती, तो वो सेमीफाइनल में पहुंच जाती. लेकिन श्रीलंका ने 207 रन बना दिए और पाकिस्तान का सफर यहीं खत्म हो गया.
यह भी पढ़ें: 'नेट रनरेट नहीं, गलत फैसले जिम्मेदार', पाकिस्तानी टीम पर बरस पड़े शोएब अख्तर
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा पर सवालों की बौछार तब हुई. एक पत्रकार ने सलमान से सीधे पूछा कि क्या वह खुद कप्तानी छोड़ेंगे या फिर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) उन्हें हटाएगा? इस पर सलमान ने कहा, 'कोई भी फैसला होगा, भावनात्मक होगा. हम वापस जाएगा, थोड़ा सा टाइम लेंगे 2-दिन और उसके बाद जरूरी निर्णय लेंगे.'
दूसरे पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या हेड कोच माइक हेसन टीम पर ज्यादा हावी हैं और सलमान अली आगा को 'डमी कैप्टन' की तरह पेश किया जा रहा है? यह सवाल खासतौर पर बाबर आजम की भूमिका को लेकर था, जिन्हें स्ट्राइक रेट को लेकर आलोचना झेलनी पड़ी.
इस पर सलमान अली आगा ने थोड़े तीखे अंदाज में जवाब दिया, 'अगर मैं इसका जवाब न दूं तो आप इसे बेअदबी समझेंगे. लेकिन टीम एक व्यक्ति के फैसले से नहीं बनती. यह सभी हितधारकों के फैसलों का नतीजा होता है. बाबर की इस वर्ल्ड कप में अलग भूमिका थी.' उन्होंने आगे कहा कि बाबर को मिडिल ऑर्डर में स्थिरता देने की जिम्मेदारी दी गई थी, ताकि टीम को किसी संभावित कोलैप्स से बचाया जा सके.
इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर जीत के बाद पाकिस्तान की उम्मीदें जिंदा हुई थीं. पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 212/8 का मजबूत स्कोर बनाया. साहिबजादा फरहान (100 रन) ने टूर्नामेंट का अपना दूसरा शतक जड़ा, जबकि फखर जमां ने 84 रन बनाए. लेकिन गेंदबाजी में टीम नाकाम रही.
पूरे टूर्नामेंट में सलमान अली आगा बल्ले से भी खास प्रभाव नहीं छोड़ सके. उन्होंने 6 पारियों में केवल 60 रन बनाए. कप्तानी के दौरान उनकी कुछ रणनीतियों पर भी सवाल उठे और कई पूर्व खिलाड़ियों ने खुलकर उनकी आलोचना की. अब बड़ा सवाल यही है कि क्या पाकिस्तान टीम में बड़ा बदलाव होगा या मौजूदा मैनेजमेंट को एक और मौका दिया जाएगा...
aajtak.in