सनराइजर्स हैदराबाद के सनसनीखेज युवा तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे (Praful Hinge) ने अपने IPL डेब्यू को यादगार बनाते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इतिहास रच दिया. हिंगे ने मैच के बाद खुलासा किया कि उन्होंने पहले ही लिख लिया था कि वह डेब्यू में 4-5 विकेट ले सकते हैं, और उन्होंने इसे सच भी कर दिखाया.
विदर्भ के इस पेसर ने नई गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि 217 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही RR की टीम शुरुआत में ही बिखर गई. हिंगे ने अपने पहले ही स्पेल में 2 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर 4 विकेट झटके. उनके शुरुआती ओवरों में किए गए हमले ने RR को 9/5 की हालत में पहुंचा दिया.
हिंगे ने बताया- मैंने कहीं लिख रखा था कि डेब्यू में 4-5 विकेट लूंगा. मैंने पावरप्ले में हावी होने का सोचा था. मैं मैनिफेस्टेशन में विश्वास करता हूं.उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि वैभव सूर्यवंशी को बाउंसर पर आउट करेंगे. मैंने लोगों से कहा था कि मैं उसे बाउंसर डालकर आउट करूंगा. वरुण भाई (वरुण आरोन) ने प्लान बनाने में मदद की.
13 साल की उम्र से क्रिकेट शुरू करने वाले हिंगे ने इस प्रदर्शन को अपने परिवार को समर्पित किया.हिंगे ने कहा-13 साल की उम्र में मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया. मुझे नहीं पता था कि लेदर बॉल क्रिकेट क्या होता है?
मैंने अपने पिता से एक क्लब जॉइन करने के लिए कहा. लेकिन उन्होंने कहा कि मैं बहुत छोटा हूं, फिर वे मुझे वहां ले गए, और मैं उसके बाद भी खेलता रहा।0 मैं यह अवॉर्ड अपने परिवार को डेडिकेट करना चाहता हूं.
हर खिलाड़ी ऐसा ही डेब्यू चाहता है: साकिब हुसैन
दूसरी ओर, एक और डेब्यूटेंट साकिब हुसैन ने भी 4/24 के आंकड़े के साथ शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा- हर खिलाड़ी ऐसा डेब्यू चाहता है. कोच वरुण आरोन के साथ पिछले चार साल से काम कर रहा हूं, इसका पूरा श्रेय उन्हें जाता है.
ईशान किशन ने प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन के बारे में क्या कहा?
SRH के कप्तान ईशान किशन ने टीम के युवा गेंदबाज़ों की भूख और मेहनत की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने पूरे सीजन में कड़ी मेहनत की और प्रैक्टिस मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन किया, जिसका फायदा टीम को मिला. किशन ने विकेटकीपिंग करते हुए कम्युनिकेशन में आई दिक्कतों का भी जिक्र किया और कहा कि कप्तान के तौर पर गेंदबाज़ों से सीधे बातचीत करना ज्यादा बेहतर रहता है.
रियान पराग ने प्रफल्ल हिंगे और साकिब हुसैन के बारे में क्या कहा?
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने हार स्वीकार करते हुए कहा कि उन्होंने इन गेंदबाजों को ज्यादा नहीं देखा था, लेकिन उन्होंने शानदार गेंदबाजी की. पराग ने माना कि टॉस के बाद शायद दूसरी पारी में गेंदबाजी करना बेहतर फैसला होता.
सनराइजर्स हैदराबाद vs राजस्थान रॉयल्स के मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए SRH ने 20 ओवर में 216/6 का बड़ा स्कोर बनाया. ईशान किशन ने 44 गेंदों में 91 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे. हेनरिक क्लासेन (40), नीतीश कुमार रेड्डी (28) और सलिल अरोड़ा (24*) ने भी अहम योगदान दिया.
जवाब में RR की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई. डोनोवन फरेरा (69) और रवीद्र जडेजा (45) ने छठे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके. सनराइजर्स हैदराबाद ने यह मुकाबला 57 रन से जीतकर राजस्थान रॉयल्स की पांच मैचों की जीत की लय को तोड़ दिया.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क