MI vs GT: कौन हैं दानिश मालेवार और कृष भगत? जिन्होंने IPL में किया डेब्यू, ऐसा रहा है करियर

मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में युवा बल्लेबाज दानिश मालेवार और ऑलराउंडर कृष भगत को डेब्यू का मौका दिया है. रोहित शर्मा चोट के कारण मैच से बाहर हैं. कप्तान हार्दिक ने इस मैच की प्लेइंग इलेवन में कई बदलाव किए हैं.

Advertisement
दानिश मालेवार और कृष भगत ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए किया डेब्यू (Photo: ITG) दानिश मालेवार और कृष भगत ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए किया डेब्यू (Photo: ITG)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 20 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 8:49 PM IST

आईपीएल 2026 में सोमवार को मुंबई इंडियंस का सामना गुजरात टाइटन्स के साथ हुआ. खराब फॉर्म और इंजरी से जूझ रही मुंबई इंडियंस ने इस मुकाबले में एक बड़ा दांव खेला. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पलटन ने दानिश मालेवार और कृष भगत को डेब्यू करने का मौका दिया. नियमित ओपनर और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अभी भी हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर नहीं पाए हैं, वहीं खराब फॉर्म के कारण टीम मैनेजमेंट ने विदेशी सलामी बल्लेबाज रेयान रिकलटन को भी प्लेइंग-इलेवन से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. ऐसे में ये जानना जरूरी है कि ये दोनों डेब्यू करने वाले खिलाड़ी कौन हैं...

Advertisement

कौन हैं दानिश मालेवार

दाएं हाथ के बल्लेबाज दानिश मालेवार घरेलू क्रिकेट का वो नाम हैं जिन्होंने पिछले कुछ समय में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. विदर्भ से ताल्लुक रखने वाले 21 वर्षीय दानिश को मुंबई इंडियंस ने 2026 की नीलामी में 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया था. 

यह भी पढ़ें: GT vs MI, IPL 2026 Live Score: मुंबई की पारी फिर लड़खड़ाई, सूर्यकुमार यादव रहे फ्लॉप

दानिश की पहचान एक बेहद अनुशासित और तकनीक के धनी बल्लेबाज के रूप में होती है. उन्होंने विदर्भ के लिए कई शानदार पारियां खेली हैं. सचिन तेंदुलकर और केएल राहुल को अपना आदर्श मानने वाले दानिश अमूमन नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हैं, लेकिन अपने डेब्यू आईपीएल मैच में वह दबाव नहीं झेल सके. अनुभवी क्विंटन डी कॉक के साथ पारी का आगाज करने आए दानिश, कागिसो रबाडा की एक तेज इनस्विंगर पर चकमा खा गए और महज 2 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू (LBW) आउट हो गए.

Advertisement

कौन हैं कृष भगत

वहीं दूसरी ओर, पंजाब के रहने वाले कृष भगत के लिए यह डेब्यू किसी सपने के सच होने जैसा है. कृष को इस सीजन के बीच में अथर्व अंकोलेकर के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया था. वह पिछले दो सालों से मुंबई इंडियंस के रडार पर थे और डीवाई पाटिल टी20 कप में रिलायंस की टीम के लिए खेलते हुए उन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी थीं. 

टॉस के दौरान कप्तान हार्दिक ने कृष की तारीफ करते हुए बताया कि वह बतौर सपोर्ट बॉलर टीम के साथ आए थे और अपनी मेहनत के दम पर मुख्य टीम में जगह बनाई. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज होने के साथ-साथ कृष निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं. टीम को उम्मीद है कि जब उनके मुख्य गेंदबाज विकेट निकालने में संघर्ष कर रहे हैं, तब कृष अपनी सटीक गेंदबाजी से बीच के ओवरों में विपक्षी टीम पर लगाम लगाएंगे.

मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): दानिश मालेवार, क्विंटन डिकॉक, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर.

गुजरात टाइटंस (प्लेइंग इलेवन): शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्द कृष्णा, अशोक शर्मा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement