टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने बड़ा फैसला लेते हुए भारतीय क्रिकेट नियत्रंण बोर्ड (BCCI) की कमेंट्री से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया. उनके इस फैसले ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है. शिवरामकृष्णन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन से ठीक पहले ये निर्णय लिया है. आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मुकाबले से होगी.
60 वर्षीय लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'मैं अब बीसीसीआई के लिए कमेंट्री से संन्यास ले रहा हूं.' उन्होंने अपने फैसले के पीछे की वजह भी खुलकर बताई और बीसीसीआई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. शिवरामकृष्णन ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इतने सालों के अनुभव के बावजूद उन्हें कभी टॉस और प्रेजेंटेशन जैसे अहम रोल नहीं दिए गए.
उन्होंने लिखा, अगर मुझे 23 साल में टॉस और प्रेजेंटेशन के लिए इस्तेमाल नहीं किया गया और नए लोग ये काम कर रहे हैं, तो वजह क्या हो सकती है.' उनके इस बयान से साफ है कि वह लंबे समय से खुद को नजरअंदाज महसूस कर रहे थे. हालिया वर्षों में टॉस और पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन जैसे हाई-प्रोफाइल रोल अक्सर रवि शास्त्री और हर्षा भोगले जैसे कमेंटेटर्स को दिए जाते रहे हैं. वहीं शिवरामकृष्णन को इन जिम्मेदारियों से दूर रखा गया, जिससे उनकी नाराजगी बढ़ती गई.
अश्विन का रिएक्शन हुआ वायरल
लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने इशारों-इशारों में बड़ा खुलासा करने की बात भी कही. उन्होंने लिखा, 'ये रिटायरमेंट सिर्फ एक कहानी की शुरुआत है. जब सच सामने आएगा तो लोग चौंक जाएंगे.' भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी इस फैसले पर हैरानी जताई. उन्होंने X पर लिखा, 'अरे नहीं. इस आईपीएल में क्यों नहीं?'
60 वर्षीय लक्ष्मण शिवरामकृष्णन साल 1985 में वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ क्रिकेट टूर्नामेंट जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं. उन्होंने भारत के लिए 9 टेस्ट और 16 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेले. शिवरामकृष्णन ने इस दौरान टेस्ट मैचों में 44.03 की औसत से 26 विकेट चटकाए.
वहीं वनडे इंटरनेशन में लक्ष्मण शिवरामकृष्णन के नाम पर 35.86 के एवरेज से 15 विकेट दर्ज हैं. शिवरामकृष्णन का इंटरनेशनल करियर छोटा रहा, लेकिन वह घरेलू क्रिकेट और फिर कमेंट्री के जरिए लंबे समय तक खेल से जुड़े रहे हैं.
aajtak.in