ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन (Cameron Green) एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं बल्कि मैदान के बाहर हुआ विवाद है. शेफील्ड शील्ड मुकाबले के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान ग्रीन का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एक ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार से तीखी प्रतिक्रिया दे दी.
'The Age' की रिपोर्ट के मुताबिक, वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया और न्यू साउथ वेल्स के बीच सिडनी में खेले गए मुकाबले में ग्रीन ने 135 रन की शानदार पारी खेली. यह अगस्त के बाद किसी भी फॉर्मेट में उनका पहला शतक था. मैच के बाद मीडिया इंटरैक्शन तय था, लेकिन शुरुआत में जानकारी दी गई कि ग्रीन उपलब्ध नहीं होंगे.
हालांकि बाद में फैसला बदला और ग्रीन सीमित इंटरव्यू के लिए तैयार हुए. शर्त यह थी कि उनसे सिर्फ मैच से जुड़े सवाल ही पूछे जाएंगे, उनके करियर या भविष्य पर नहीं.
इंटरव्यू की शुरुआत में ग्रीन ने अपनी वापसी को लेकर पॉजिटिव बात की और टीम की जीत की उम्मीद जताई. लेकिन जब उनसे हालिया खराब फॉर्म को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया.
यह बातचीत एक मिनट से भी कम चली. रिपोर्ट के अनुसार, ग्रीन ने समय की बर्बादी (Waste of time) कहते हुए इंटरव्यू खत्म कर दिया और वहां से जाने लगे. इसी दौरान पत्रकार ने कहा कि वह पूरे दिन इस इंटरव्यू का इंतजार कर रहे थे, जिस पर ग्रीन भड़क गए और बोले, तुम मेरे पीछे क्यों पड़े हो?
स्थिति को संभालने के लिए वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के असिस्टेंट कोच ब्यू कैसन को बीच में आना पड़ा. बाद में उन्होंने इस घटना के लिए माफी भी मांगी. रिपोर्ट में कहा गया कि ग्रीन आमतौर पर मीडिया के साथ सहज रहते हैं, इसलिए यह घटना असामान्य मानी जा रही है. इस पूरे मामले की जानकारी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को भी दे दी गई है.
ग्रीन के हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने एशेज में 171 रन बनाए, जहां उनका औसत 24.42 रहा. वहीं T20 World Cup में वह सिर्फ 24 रन ही बना सके और उनका औसत आठ रहा. टेस्ट क्रिकेट में उनका औसत 37 मैचों में 32.75 है.
ऑस्ट्रेलिया के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में गिने जाने वाले ग्रीन पिछले कुछ सालों में चोटों से भी जूझते रहे हैं, जिसने उनके प्रदर्शन को प्रभावित किया है.
अब IPL 2026 में कोलकाता नाइटराइडर्स ने उन्हें 25.20 करोड़ रुपये की भारी कीमत में खरीदा है. ऐसे में टीम और फैन्स दोनों को उनसे बड़े प्रदर्शन की उम्मीद है. लेकिन मौजूदा फॉर्म और बढ़ते दबाव के बीच ग्रीन के लिए आने वाले दिन आसान नहीं रहने वाले हैं.
aajtak.in