IPL 2024, RCB vs KKR: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने लगातार दूसरी जीत हासिल की. शुक्रवार (29 मार्च) को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में केकेआर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को सात विकेट से हरा दिया. इस मुकाबले में केकेआर को जीत के लिए 183 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 19 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. बता दें कि केकेआर ने अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को चार रनों से मात दी थी. इस मुकाबले में विराट कोहली, सुनील नरेन और आंद्रे रसेल छाए रहे. तीनों ही खिलाड़ियों ने कुछ धांसू रिकॉर्ड बनाए.
विराट कोहली ने इस मैच में नाबाद 83 रनों की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 4 चौके और चार छक्के लगाए. कोहली के आईपीएल करियर का यह 52वां अर्धशतक रहा. कोहली ने इस पारी के दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया. कोहली अब आईपीएल में किसी एक टीम के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. कोहली आईपीएल के शुरुआती सीजन से आरसीबी का पार्ट हैं.
विराट कोहली ने कैरेबियाई दिग्गज क्रिस गेल को इस मामले में पछाड़ दिया, जिन्होंने आरीसीबी के लिए कुल 239 छक्के लगाए थे. एबी डिविलियर्स इस मामले में तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने आरसीबी के लिए 238 छक्के लगाए थे. कोहली ने आरसीबी के लिए 240 IPL मैचों में 7444 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 241 छक्के और 658 चौके लगाए हैं. आईपीएल में कोहली के नाम पर 52 फिफ्टी और सात शतक दर्ज हैं.
IPL में किसी टीम के लिए सबसे ज्यादा छक्के:
241- विराट कोहली (RCB)
239- क्रिस गेल (RCB)
238- एबी डिविलियर्स (RCB)
223- कीरोन पोलार्ड (MI)
209- रोहित शर्मा (MI)
IPL में RCB के लिए सबसे ज्यादा छक्के
240- विराट कोहली
239- क्रिस गेल
238- एबी डिविलियर्स
67- ग्लेन मैक्सवेल
50- फाफ डु प्लेसिस
विराट कोहली ने इस मुकाबले में वेंकटेश अय्यर का कैच लपका. इस के साथ ही कोहली ने आईपीएल में बतौर फील्डर सबसे ज्यादा कैच लेने के मामले में सुरेश रैन की बराबरी कर ली. रैन और कोहली दोनों ने ही 109 कैच लपके हैं. आने वाले दिनों में कोहली के पास रैना का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका रहेगा.
आईपीएल में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले फील्डर
109- सुरेश रैना
109- विराट कोहली
103- कीरोन पोलार्ड
99- रोहित शर्मा
97- रवींद्र जडेजा
इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने दो विकेट लिए. रसेल के अब आईपीएल में 100 विकेट हो चुके हैं. रसेल ऐसे पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने आईपीएल में कम से कम 100 विकेट और मिनिमम हजार रन बनाए हैं. रसेल से पहले रवींद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, अक्षर पटेल और सुनील नरेन ही ऐसा कर पाए थे.
आईपीएल में 1000 रन और 100 विकेट
(2724, 152)- रवींद्र जडेजा
(2326, 100)- आंद्रे रसेल
1560, 183)- ड्वेन ब्रावो
(1454, 113)- अक्षर पटेल
(1095, 165)- सुनील नरेन
नरेन ने भी बनाया ये धांसू रिकॉर्ड
कोलकाता नाइट राइडर्स के स्पिनर सुनील नरेन के लिए यह मैच काफी ऐतिहासिक रहा. 35 वर्षीय नरेन के टी20 करियर का यह 500वां मुकाबला रहा. सुनील नरेन 500 टी20 मैच खेलने वाले दुनिया के चौथे प्लेयर हैं. नरेन से पहले कीरोन पोलार्ड (660 मैच), ड्वेन ब्रावो (573) और शोएब मलिक (542) ही ऐसी उपलब्धि हासिल कर पाए थे.
सुनील नरेन ने टी20 क्रिकेट में केकेआर के अलावा वेस्टइंडीज, अबू धाबी नाइट राइडर्स, केप कोबराज, कोमिला विक्टोरियंस, ढाका डायनामाइट्स, गुयाना अमेजन वॉरियर्स, लाहौर कलंदर्स, मेलबर्न रेनेगेड्स, ओवल इनविंसिबल्स, सरे, सिडनी सिक्सर्स, ट्रिनबागो नाइट राइडर्स, त्रिनिदाद और टोबैगो और वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया है.
देखा जाए तो सुनील नरेन ने 500 टी20 मैचों में 537 विकेट चटकाए हैं. साथ ही 3783 रन भी बनाए. सुनील नरेन ड्वेन ब्रावो (625) और राशिद खान (566) के बाद टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो सबसे ज्यादा टी20 मैच रोहित शर्मा (428) ने खेले हैं.
आरसीबी के खिलाफ मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को सुनील नरेन और फिल साल्ट ने धाकड़ शुरुआत दी. दोनों ने पावप्ले में 85 रन बनाए. आईपीएल के इतिहास में केकेआर का पावप्ले में ये दूसरा उच्चतम स्कोर रहा. नरेन ने 22 गेंदों पर 47 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और दो चौके शामिल रहे. वहीं साल्ट ने दो चौके और इतने ही सिक्स की मदद से 20 गेंदों पर 30 रन बनाए. नरेन 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे.
IPL में RCB के खिलाफ सर्वाधिक 'प्लेयर ऑफ द मैच' अवॉर्ड:
सुनील नरेन- 4
रोहित शर्मा- 4
संदीप शर्मा- 4
IPL में केकेआर के लिए उच्चतम पावरप्ले स्कोर
105/0 बनाम आरसीबी, बेंगलुरु, 2017
85/0 बनाम आरसीबी, बेंगलुरु, 2024
76/1 बनाम पंजाब किंग्स, कोलकाता, 2017
73/0 बनाम गुजरात लॉयन्स, राजकोट, 2017
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग-11: विराट कोहली, फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), कैमरन ग्रीन, रजत पाटीदार, ग्लेन मैक्सवेल, अनुज रावत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, अल्जारी जोसेफ, मयंक डागर, मोहम्मद सिराज, यश दयाल.
इम्पैक्ट प्लेयर: विजयकुमार वैशाक
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग-11: फिल साल्ट (विकेटकीपर), वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, मिचेल स्टार्क, अनुकूल रॉय, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती.
इम्पैक्ट प्लेयर: अंगकृष रघुवंशी.
aajtak.in