बांग्लादेश-PAK मैच में फिर विवाद... सीरीज हार के बाद पाकिस्तानी टीम ने दर्ज कराई शिकायत, जानें पूरा मामला

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद अब पाकिस्तानी टीम की बांग्लादेश में भी फजीहत हुई है. पाकिस्तान को मेजबान देश के खिलाफ वनडे सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा.

Advertisement
बांग्लादेश ने पाकिस्तान को वनडे सीरीज में हराया. (Photo: AFP/Getty Images) बांग्लादेश ने पाकिस्तान को वनडे सीरीज में हराया. (Photo: AFP/Getty Images)

aajtak.in

  • मीरपुर,
  • 16 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:47 AM IST

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला मीरपुर (ढाका) के शेर-ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला गया. 15 मार्च (रविवार) को हुए इस हाईवोल्टेज मुकाबले में बांग्लादेशी टीम ने पाकिस्तान को 11 रनों से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली.

बांग्लादेश ने 11 साल बाद पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज जीती, लेकिन मैच के आखिरी ओवर में हुए डीआरएस को लेकर विवाद खड़ा हो गया. ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक हार के बाद पाकिस्तान टीम ने इस मामले को लेकर आईसीसी के मैच रेफरी नियामुर राशिद से आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है. इससे पहले वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में सलमान अली आगा को बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज ने रन आउट कर दिया था, जिसके चलते खूब हो हल्ला मचा था.

Advertisement

पाकिस्तानी टीम का आरोप है कि बांग्लादेश को तीसरे वनडे के दौरान आखिरी ओवर में गलत तरीके से रिव्यू लेने की अनुमति दी गई. यह घटना पाकिस्तान की पारी के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर हुई. उस समय बांग्लादेशी स्पिनर रिशाद हुसैन गेंदबाजी कर रहे थे और सामने थे पाकिस्तानी टीम के कप्तान शाहीन शाह आफरीदी. श्रीलंकाई अंपायर कुमार धर्मसेना ने उस गेंद को वाइड करार दिया, लेकिन बांग्लादेश के विकेटकीपर लिटन दास और गेंदबाज को लगा कि बल्लेबाज के एलबीडब्ल्यू होने की संभावनी थी.

पाकिस्तानी कप्तान की अंपायर्स से बहस
इसके बाद बांग्लादेश ने रिव्यू लिया, जिसे अंपायर ने स्वीकार कर लिया. पाकिस्तान टीम का कहना है कि वाइड के फैसले पर रिव्यू नहीं लिया जा सकता और बांग्लादेश ने  जायंट स्क्रीन पर रिप्ले देखकर रिव्यू लिया. पाकिस्तानी टीम इस बात से भी नाराज है कि रिव्यू लेने के लिए तय 15 सेकंड की समय सीमा भी पार हो चुकी थी. हालांकि टीवी प्रसारण में कोई टाइमर दिखाई नहीं दिया, इसलिए यह पुष्टि नहीं हो सकी कि रिव्यू समय पर लिया गया था या नहीं.

Advertisement

जब मामला तीसरे अंपायर के पास गया, तो अल्ट्राएज में साफ दिखाई दिया कि गेंद बल्ले को छूकर निकली थी. इसके बाद वाइड का फैसला पलट दिया गया. इस दौरान शाहीन शाब आफरीदी अंपायरों से बहस करते हुए भी नजर आए, लेकिन इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं था क्योंकि वाइड का फैसल पलट दिया गया था, हालांकि इस पूरे विवाद का मैच के नतीजे पर ज्यादा असर नहीं पड़ा. आखिरी गेंद पर शाहीन आउट हो गए और बांग्लादेश ने मुकाबला जीत सीरीज अपने नाम कर लिया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement