उत्तर प्रदेश के बांदा में होमवर्क पूरा न करने पर एक प्रिंसिपल द्वारा चौथी कक्षा के छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है. घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की है, जहां कुशवाहा नगर निवासी राघव एक स्कूल में पढ़ता है. आरोप है कि होमवर्क सही से न करने पर प्रिंसिपल ने उसे डंडे से बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसके शरीर पर कई चोट के निशान पड़ गए. छात्र किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी. बच्चे की हालत देखकर परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की. परिजनों का कहना है कि घटना के बाद बच्चा डरा हुआ है और स्कूल जाने से घबरा रहा है. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. ASP मेविस टॉक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.