Palmistry Signs: हस्तरेखा शास्त्र में हथेली की रेखाओं से बनने वाले अलग-अलग निशानों को विशेष महत्व दिया जाता है. इन्हीं में से एक है हथेली पर बनने वाला V आकार का निशान. माना जाता है कि अगर यह निशान साफ दिखाई दे तो यह व्यक्ति के जीवन में कई सकारात्मक संकेत दे सकता है. हालांकि, इसका सही फल इस बात पर भी निर्भर करता है कि यह निशान हथेली में किस स्थान पर बन रहा है. इसलिए इसकी स्थिति को समझना भी जरूरी माना जाता है.
हथेली में V का निशान क्या संकेत देता है
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार यदि V का निशान तर्जनी (इंडेक्स फिंगर) और मध्यमा (मिडिल फिंगर) के बीच की जगह पर बनता है, तो इसे बहुत शुभ माना जाता है. इस स्थान पर बनने वाला V निशान जीवन में उन्नति और सफलता का संकेत देता है. कई लोगों की हथेली में यह निशान इसी जगह पर देखने को मिलता है, इसलिए इसे सबसे प्रभावशाली स्थिति माना जाता है.
जिन लोगों के हाथ में यह चिन्ह होता है, उन्हें किस्मत का साथ मिलने वाला माना जाता है. ऐसे लोग जीवन के अनुभवों से बहुत कुछ सीखते हैं और समय के साथ आगे बढ़ते रहते हैं. खासतौर पर करीब 35 वर्ष की उम्र के बाद इनके जीवन में अच्छी प्रगति और बड़ी उपलब्धियां मिलने के संकेत बताए जाते हैं.
पारिवारिक जीवन पर प्रभाव
ऐसे लोग परिवार के प्रति जिम्मेदार माने जाते हैं. कठिन परिस्थितियों में भी ये अपने परिवार का साथ नहीं छोड़ते और रिश्तों को निभाने में विश्वास रखते हैं. अक्सर ये अच्छे जीवनसाथी और भरोसेमंद दोस्त साबित होते हैं.
व्यक्तित्व और स्वभाव
हथेली में V का निशान व्यक्ति को मेहनती और भरोसेमंद बनाता है. ऐसे लोग अपने काम के प्रति गंभीर रहते हैं और लगातार मेहनत करते हैं, जिसकी वजह से जीवन में अच्छी स्थिति हासिल कर सकते हैं. हालांकि इनके लिए यह भी सलाह दी जाती है कि गलत संगति से दूर रहें, क्योंकि गलत लोगों का साथ इनके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है.
aajtak.in