राजस्थान: सोशल मीडिया पर छाया उदयपुर का दूल्हा, लग्जरी कार छोड़ JCB से लाया दुल्हन, वीडियो

उदयपुर जिले में एक दूल्हे ने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए दुल्हन की विदाई जेसीबी मशीन से कराई. पेशे से जेसीबी ड्राइवर रूपलाल डूंगरी ने दुल्हन को जेसीबी के बकेट में बैठाकर घर लाया. इस अनोखी शादी के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.

Advertisement
दूल्हा-दुल्हन जेसीबी से घर पहुंचे. (Photo: Screengrab) दूल्हा-दुल्हन जेसीबी से घर पहुंचे. (Photo: Screengrab)

पंकज शर्मा

  • उदयपुर ,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:21 PM IST

राजस्थान के उदयपुर जिले से इन दिनों एक ऐसी शादी की चर्चा हो रही है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है. आमतौर पर शादियों में दुल्हन की विदाई लग्जरी कार, घोड़ी या पारंपरिक डोली में होती है, लेकिन उदयपुर के झाड़ोल क्षेत्र के रहने वाले रूपलाल डूंगरी ने अपनी शादी को खास बनाने के लिए कुछ अलग ही तरीका अपनाया. रूपलाल ने अपनी दुल्हन को कार में नहीं, बल्कि जेसीबी मशीन के अगले हिस्से यानी बकेट में बैठाकर अपने घर पहुंचाया. इस अनोखी विदाई को जिसने भी देखा, वह हैरान रह गया. अब इस शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, रूपलाल डूंगरी की शादी 6 मई को हुई थी. उनकी बारात झाड़ोल क्षेत्र से करीब 30 किलोमीटर दूर कोल्यारी के ढाला गांव पहुंची थी. शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद जब विदाई का समय आया, तब वहां मौजूद लोग कुछ अलग देखने वाले थे.

जेसीबी ड्राइवर दूल्हे ने ऐसे पूरा किया सपना

दूल्हा रूपलाल अपनी दुल्हन को सजाई गई कार में बैठाने के बजाय सीधे जेसीबी मशीन के बकेट तक ले गया. इसके बाद दूल्हा-दुल्हन दोनों जेसीबी के बकेट में बैठे और वहां से घर के लिए रवाना हो गए. सड़क पर जैसे ही यह अनोखा काफिला निकला, लोगों की भीड़ जुटने लगी. जिसने भी इस नजारे को देखा, वह कुछ देर के लिए रुक गया.

रास्ते में कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें बनाईं. कुछ ही समय में ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. वीडियो देखने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कोई इस शादी को अनोखा बता रहा है तो कोई दूल्हे के जुनून की तारीफ कर रहा है.

Advertisement

पेशे से जेसीबी ड्राइवर रूपलाल का कहना है कि यह उनका पुराना सपना था. वो लंबे समय से सोच रहे थे कि जब उनकी शादी होगी तो वे अपनी दुल्हन को उसी जेसीबी में घर लेकर आएंगे, जिससे उनका रोज का काम जुड़ा हुआ है. उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने पहले से पूरी तैयारी कर रखी थी.

सड़क पर लोग देखते रह गए अनोखी विदाई

रूपलाल का कहना है कि वे अपना सपना पूरा होने से बेहद खुश हैं. उनका मानना है कि अगर इंसान कुछ अलग करने की सोच ले, तो साधारण चीजें भी खास बन सकती हैं. झाड़ोल की यह शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. इस अनोखी विदाई ने न सिर्फ शादी में आए लोगों को चौंकाया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों का खूब ध्यान खींचा. उदयपुर के इस दूल्हे ने अपनी शादी को ऐसा यादगार बना दिया, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होती रहेगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »