कोटा शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते 27 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान बॉम्बे योजना निवासी विक्रम सिंह के रूप में हुई है. घटना रात करीब सवा नौ बजे की बताई जा रही है, जब विक्रम अपने घर के पास स्थित एक दुकान के बाहर खड़ा था.
इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले आशु, अकरम, राजकुमार और गोलू वहां पहुंचे और विक्रम को घेर लिया. इसके बाद आरोपियों ने पीछे से उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
यह भी पढ़ें: कोटा में NEET की तैयारी कर रही 18 साल की छात्रा ने की खुदकुशी, जहरीला पदार्थ खाने से मौत
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
हमले में विक्रम के शरीर पर तीन से चार गंभीर घाव लगे. परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना से परिवार में मातम छा गया और इलाके में सनसनी फैल गई है.
परिजनों के अनुसार, आरोपी विक्रम के दोस्त थे और उनके बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. सुबह दोनों पक्षों के बीच समझाइश भी कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद रात में आरोपियों ने हमला कर दिया.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की.
डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि युवक पर चाकू से हमला कर हत्या की गई है. आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
चेतन गुर्जर