राजस्थान के कोटा शहर से एक दुखद खबर सामने आई है. यहां NEET-UG की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई. पुलिस के अनुसार यह मामला संदिग्ध आत्महत्या का बताया जा रहा है. घटना दादाबाड़ी थाना क्षेत्र की है.
मृत छात्रा की पहचान जूही पटेल (18) के रूप में हुई है. वह मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली थी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि जूही करीब ढाई महीने पहले अपनी इच्छा से कोटा आई थी. वह यहां NEET-UG की तैयारी कर रही थी.
ढाई महीने पहले NEET तैयारी के लिए कोटा आई थी छात्रा
जूही कोटा के बसंत विहार इलाके में किराए के कमरे में रह रही थी. दादाबाड़ी थाना प्रभारी बलदेवराम के अनुसार छात्रा सेल्फ स्टडी कर रही थी और साथ ही ऑफलाइन मॉक टेस्ट सीरीज भी दे रही थी.
पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात करीब 11.30 बजे जूही ने अपने कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया. इसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं. यह देख आसपास के अन्य किराएदार और मकान मालिक तुरंत उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे.
गुरुवार रात जहरीला पदार्थ खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह छात्रा की मौत हो गई. पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया.
जूही के पिता ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 8 बजे उनकी बेटी से आखिरी बार बात हुई थी. बातचीत सामान्य थी. उन्होंने सिर्फ यही पूछा था कि वह ठीक से खाना खा रही है या नहीं। पिता के अनुसार बेटी ने फोन पर किसी तरह की परेशानी या असामान्य बात का संकेत नहीं दिया.
पुलिस जांच में जुटी, आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा
पिता ने यह भी कहा कि जूही ने खुद ही कोटा आकर NEET की तैयारी करने का फैसला किया था और वह पढ़ाई के साथ ऑफलाइन टेस्ट सीरीज में शामिल थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और छात्रा की मौत के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
aajtak.in