55 मिनट, 9 फाइटर जेट और 5 हेलीकॉप्टर... जयपुर के आसमान में वायुसेना का शक्ति प्रदर्शन

जयपुर में मानसागर झील और जलमहल के ऊपर भारतीय वायुसेना के एयर शो में 9 फाइटर जेट और 5 हेलीकॉप्टर ने 55 मिनट तक शानदार प्रदर्शन किया. सूर्यकिरण और सारंग टीम ने 5 मीटर दूरी और 1400 किमी रफ्तार से 18 मैन्युवर दिखाए. जब आसमान में तिरंगे के रंग बिखरे, तो जलमहल और मानसागर झील का दृश्य और भी मनमोहक हो गया.

Advertisement
5 मीटर दूरी पर उड़ते जेट्स ने दिखाया अद्भुत कौशल.(Photo: Screengrab) 5 मीटर दूरी पर उड़ते जेट्स ने दिखाया अद्भुत कौशल.(Photo: Screengrab)

रिदम जैन

  • जयपुर,
  • 20 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 7:16 PM IST

गुलाबी नगरी जयपुर के आसमान में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना का अद्भुत और रोमांचक एयर शो देखने को मिला. मानसागर झील और जलमहल के ऊपर जब फाइटर जेट्स ने गरजते हुए उड़ान भरी, तो पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया. नाहरगढ़ की पहाड़ियों से निकलकर करीब 1000 फीट की ऊंचाई पर तिरंगे धुएं के साथ जेट्स ने शानदार प्रदर्शन किया. इस दौरान 55 मिनट तक दर्शकों की नजरें आसमान पर टिकी रहीं और रोमांच अपने चरम पर रहा.

Advertisement

कार्यक्रम की शुरुआत 'वंदे मातरम' और राष्ट्रगान के साथ हुई, जिससे आयोजन और भी गरिमामय बन गया. यह दो दिवसीय एयर शो था, जिसमें भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक्स टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने हिस्सा लिया. सूर्यकिरण टीम का यह 801वां एयर शो था. इससे पहले टीम देश और दुनिया में 800 सफल प्रदर्शन कर चुकी है. जयपुर में इस ऐतिहासिक प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया.

यह भी पढ़ें: जयपुर एयरपोर्ट पर कुत्ते ने महिला यात्री को काटा, लहूलुहान हालत में पहुंचाया गया अस्पताल

9 फाइटर जेट्स ने दिखाया हैरतअंगेज तालमेल

एयर शो के दौरान सूर्यकिरण टीम के 9 फाइटर जेट्स ने महज 5 मीटर की दूरी बनाए रखते हुए 700 से 1400 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरी. इतनी तेज गति और बेहद कम दूरी पर जेट्स का संतुलन और तालमेल अद्भुत कौशल का उदाहरण था. इस प्रदर्शन में कुल 18 रोमांचक मैन्युवर प्रस्तुत किए गए, जिनमें 'लूप', 'डबल कॉर्क स्क्रू', 'डबल क्रॉस', 'अल्फा क्रॉस' और 'अग्नि' जैसे करतब शामिल थे.

Advertisement

इसके अलावा 'बिग एरो' में नौ विमानों ने तिरंगे की आकृति बनाई, जबकि 'इंडिया सेल' में अंग्रेजी अक्षर 'I' बनाकर इंडिया रोल किया गया. 'हार्ट पिचिंग' में धुएं से दिल की आकृति बनाई गई, जिसे तीर ने भेदा. 'क्लोवर', 'रोल', 'जय हिंद', 'हिडन स्प्लिट', 'डाउनवर्ड क्लोवर ब्रस्ट', 'क्यूबन', 'बज' और 'बॉम्ब ब्रस्ट लूप' जैसे करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया.

स्थानीय पायलट्स की मौजूदगी से बढ़ा उत्साह

सूर्यकिरण टीम के 14 पायलट्स में तीन पायलट जयपुर के थे, जिनमें विंग कमांडर राजेश काजला, विंग कमांडर अंकित वशिष्ठ और स्क्वॉड्रन लीडर संजेश सिंह. जब स्क्वॉड्रन लीडर संजेश सिंह ने कॉकपिट से 'इसे कहते हैं मारवाड़ी एंट्री' कहा, तो दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई. वहीं, विंग कमांडर राजेश काजला ने 'खम्मा घणी जयपुर, आपका धन्यवाद... जय हिंद' कहकर शहर का अभिवादन किया.

इस एयर शो की खास बात तिरंगा धुआं रहा, जो स्वदेशी स्मोक पॉड्स से निकाला गया. इन स्मोक पॉड्स को वायुसेना के 11 बेस रिपेयर डिपो, नासिक में विकसित किया गया है. जब आसमान में तिरंगे के रंग बिखरे, तो जलमहल और मानसागर झील का दृश्य और भी मनमोहक हो गया.

सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने भी दिखाया शानदार प्रदर्शन

एयर शो में सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. जयपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरकर मानसागर पहुंचे हेलीकॉप्टरों ने 'योधा', 'इंडिया', 'डायमंड', 'डॉल्फिन' और 'क्रॉसओवर' जैसी फॉर्मेशन प्रस्तुत कीं. 'डबल एरो क्रॉस' और 'हार्ट पिचिंग' जैसी संरचनाएं दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहीं. हेलीकॉप्टरों का सटीक नियंत्रण और सामंजस्य देखने लायक था.

Advertisement

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेना के प्रति जागरूकता और प्रेरणा पैदा करना है. तेज गर्जना, सटीक फॉर्मेशन और तिरंगे की छटा के बीच यह एयर शो गर्व और देशभक्ति का प्रतीक बन गया. 22 फरवरी को होने वाला मुख्य आयोजन एक बार फिर जयपुर के आसमान को शौर्य और सम्मान के रंगों से भर देगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement