जयपुर के पर्यटन स्थल पर शर्मनाक घटना सामने आई है. यहां जलमहल के पास एक विदेशी महिला टूरिस्ट के साथ कुछ युवकों ने सेल्फी लेने के दौरान अभद्रता कर दी. उसे गलत तरीके से छूने लगे. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुटी है.
विदेशी महिला जलमहल क्षेत्र में घूमने पहुंची थी, उसी दौरान कुछ युवक उसके पास पहुंचे और पहले उसकी तारीफ करने लगे. इसके बाद उन्होंने सेल्फी लेने के बहाने महिला को घेर लिया. वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक महिला के बेहद करीब आकर फोटो लेने की कोशिश कर रहे हैं. इसी दौरान उसके साथ गलत तरीके से छूने और छेड़छाड़ करने की हरकत भी की गई. इस पूरी घटना से महिला असहज नजर आ रही है.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश पैदा हो गया. यूजर्स इस तरह की घटनाओं को देश और खासकर पर्यटन स्थलों की छवि के लिए शर्मनाक बता रहे हैं. कई लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों पर रोक लगाई जा सके.
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम: विदेशी महिला से छेड़छाड़ के बाद बनाया वीडियो, गिरफ्तार
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर इतनी भीड़-भाड़ वाले इलाके में इस तरह की हरकत कैसे हो गई. विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक हैं. जयपुर जैसे शहर, जो अपनी सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध हैं, वहां ऐसी घटनाएं गंभीर मामला है.
घटना को लेकर पुलिस का क्या कहना है?
घटना को लेकर पर्यटन थानाधिकारी मंजू कुमारी का कहना है कि वायरल वीडियो जलमहल का है, लेकिन इस संबंध में किसी तरह की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है और न ही किसी की तरफ से शिकायत मिली है. फिर भी वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच करेंगे. शहर के पर्यटन स्थलों पर पहले से पर्यटन पुलिस मौजूद रहती है. यदि उसी समय कोई शिकायत होती है तो तुरंत एक्शन लेते हैं.
विशाल शर्मा