राजस्थान के धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के तगावली गांव में 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में घर में मौत का मामला सामने आया है. मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है.
मृतका की पहचान दुर्गावती के रूप में हुई है. जिला मुरैना के सीगपुरा थाना पोरसा के कहने वाला उसके भाई बलराम पुत्र पूरन सिंह ने बताया कि चार साल पहले बहन की शादी मुकेश पुत्र रामचरण निवासी तगावली से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष एक लाख रुपये और बाइक की मांग कर रहा था.
यह भी पढ़ें: धौलपुर पॉक्सो कोर्ट का बड़ा फैसला, दोषी को सुनाई ताउम्र कैद की सख्त सजा
परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष मृतका की छोटी बहन से उसके देवर की शादी कराने का दबाव भी बना रहा था और इसी बात को लेकर दुर्गावती को लगातार प्रताड़ित किया जाता था.
मारपीट और हत्या का आरोप
मृतका के भाई के अनुसार, दुर्गावती ने चार महीने पहले एक बच्चे को जन्म दिया था. आरोप है कि 15 अप्रैल को ससुराल पक्ष ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और बाद में गले में फंदा डालकर उसकी हत्या कर दी.
घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग तगावली गांव पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उन्हें घर में घुसने नहीं दिया गया और मृतका का शव तक देखने नहीं दिया गया. इससे परिजनों में आक्रोश फैल गया.
मायके पक्ष ने पुलिस को दी गई शिकायत में हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया. पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका दुर्गावती निवासी पोरसा की रहने वाली थी और उसकी शादी चार साल पहले तगावली में हुई थी. मृतका अपने पीछे चार माह का मासूम बच्चा छोड़ गई है. शहर सीओ कृष्णराज जांगिड़ ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
उमेश मिश्रा