इंदौर के प्रसिद्ध एम वाय अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में दो महिलाएं एक मरीज को स्ट्रेचर पर धक्का देती हुई शहर की सड़क पर ले जाती नजर आ रही हैं. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार के बीच महिलाएं किसी तरह स्ट्रेचर को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं.
बताया जा रहा है कि यह घटना एम वाय अस्पताल परिसर के पास की है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि अस्पताल का मुख्य गेट बंद है और परिजन मरीज को लेकर सड़क पर भटकते नजर आ रहे हैं. इस घटना का वीडियो एक राहगीर ने बनाया और सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया.
ट्रैफिक के बीच स्ट्रेचर धकेलती महिलाएं
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने अस्पताल प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं पर जमकर सवाल उठाए. कई लोगों ने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही बताया और कहा कि ऐसे बड़े अस्पताल में मरीज को एंबुलेंस या स्टाफ की मदद क्यों नहीं मिली.
मामले पर अस्पताल प्रशासन की ओर से प्रतिक्रिया भी सामने आई है. एम वाय अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. अशोक यादव ने वीडियो की पुष्टि करते हुए कहा कि पहली नजर में स्ट्रेचर एम वाय अस्पताल का नहीं लग रहा है. हालांकि यह जांच की जा रही है कि मरीज को वास्तव में अस्पताल में लाया गया था या नहीं.
एमवाय अस्पताल के बाहर का वीडियो वायरल
डॉ. यादव ने कहा कि यह भी देखा जाएगा कि उस समय एंबुलेंस उपलब्ध थी या नहीं और मरीज को एंबुलेंस क्यों नहीं मिली. उन्होंने आश्वासन दिया कि जिम्मेदारी तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी. इस वायरल वीडियो ने एक बार फिर इंदौर की स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की पोल खोल दी है.
धर्मेंद्र कुमार शर्मा