देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है. तेज धूप और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है. ऐसी गर्मी में शरीर में पानी की कमी, थकान और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं. इसलिए इस मौसम में खानपान का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी है. इस मौसम में ऐसे फल और सब्जियां खाने की जरूरत है, जिनमें पानी, विटामिन और मिनरल्स भरपूर मात्रा में हों. ये शरीर को ठंडा रखने और हाइड्रेटेड बनाए रखने में मदद करते हैं. ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसे फलों के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप गर्मियों में अपनी डाइट का हिस्सा बनाकर खुद को हेल्दी और फिट रख सकते हैं.
तरबूज
गर्मियों में तरबूज सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फलों में से एक है. इसमें पानी की मात्रा काफी ज्यादा होती है जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है. यह खाने में मीठा और रसीला होता है और गर्मी में होने वाली थकान को भी दूर करता है. साथ ही इसमें मौजूद विटामिन और मिनरल्स इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं.
आम
आम को फलों का राजा कहा जाता है और गर्मियों में इसे खूब पसंद किया जाता है. आम से शेक, स्मूदी, सलाद और चटनी जैसी कई चीजें बनाई जा सकती हैं. इसमें फाइबर, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं जो डाइजेशन को बेहतर बनाने और शरीर को एनर्जी देने में मदद करते हैं.
खीरा
गर्मी के मौसम में खीरा खाना बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे शरीर ठंडा रहता है. इसके अलावा, इसमें विटामिन K, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो ओवरऑल हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं. खीरे को आप सलाद, सैंडविच और स्मूदी के तौर पर डाइट में शामिल कर सकते हैं.
पपीता
पपीता गर्मियों में पेट को हेल्दी रखने में मदद करता है. इसमें फाइबर और पानी की मात्रा अच्छी होती है, जिससे डाइजेशन बेहतर रहता है. साथ ही इसमें मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं.
संतरा
संतरा विटामिन C और इलेक्ट्रोलाइट्स का बेहतर सोर्स माना जाता है. इसका मीठा और हल्का खट्टा स्वाद गर्मियों में ताजगी देता है. संतरा शरीर में पानी की कमी को दूर करने और हीट स्ट्रोक के खतरे को कम करने में मदद करता है.
खरबूजा
खरबूजा गर्मियों का बेहद स्वादिष्ट और रिफ्रेशिंग फल है. इसमें फाइबर, विटामिन A, विटामिन C और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं. यह शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है.
बेरीज
बेरीज टेस्टी होने के साथ-साथ एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती हैं. इनमें फाइबर और विटामिन अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं जो शरीर को एनर्जी देने और ब्लड शुगर कंट्रोल रखने में मदद कर सकते हैं.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क