कुल्फी का ठेला लगाने वाले सुशील भैया ने बताया, 5 चीजों से 10 मिनट में कैसे बनाएं मलाईदार Kulfi

ऑफिस के पास में एक कुल्फी का ठेला लगता है जिस पर लोगों की भीड़ लगी रहती है. ठेला लगाने वाले सुशील भैया केवल 5 बेसिक चीजों के इस्तेमाल से महज 9 मिनट में कुल्फी बनाते हैं. घर पर वैसी ही कुल्फी बनाने का सीक्रेट उन्होंने बताया है.

Advertisement
कुल्फी को दूध और खोया से बनाया जाता है. (Photo: ITG) कुल्फी को दूध और खोया से बनाया जाता है. (Photo: ITG)

मृदुल राजपूत

  • नई दिल्ली,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:25 PM IST

Creamy Traditional Indian Ice Cream: गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और धीरे-धीरे देश के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने लगा है. तपती धूप और पसीने वाली उमस में देसी इंडियन आइसक्रीम यानी ठंडी और मलाईदार कुल्फी मिल जाए तो दिन बन जाता है. कई लोग बाजार में कुल्फी खाते हैं और कई घर पर भी बनाते हैं. लेकिन घर की कुल्फी में वही ठेले वाली कुल्फी का स्वाद नहीं आता. अक्सर बाजार की कुल्फी खाने पर हर किसी के मन में सवाल आता है कि आखिर ये इतनी टेस्टी कुल्फी बनती कैसे होगी? क्या इसे बनाने में घंटों की मेहनत लगती है? अगर आप भी ऐसा ही सोचते हैं तो आप गलत हैं.

दरअसल, नोएडा फिल्म सिटी में सुशील नाम के व्यक्ति ठेला लगाकर कुल्फी बेचते हैं जो पिछले करीब 10 साल से कुल्फी बना रहे हैं. जब मैंने देखा कि उनकी कुल्फी खाने के लिए रोजाना लोगों की लाइन लगती है तो मैंने भी उनकी कुल्फी ट्राई की. यकीन मानिए उनकी मलाईदार कुल्फी खाकर दिल खुश हो गया. मैंने सोचा क्यों ना उनसे इस टेस्टी कुल्फी का सीक्रेट पूछा जाए. उन्होंने मुझे बताया कि कैसे सिर्फ 5 चीजों के इस्तेमाल से मात्र 10 मिनट में कुल्फी तैयार की जा सकती है.

Advertisement

कौन सी 5 चीजों से बनाते हैं कुल्फी?

सुशील भैया के मुताबिक, कुल्फी को असली स्वाद उसके इंग्रेडिएंट्स के सही बैलेंस से मिलता है. इसके लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं है. आपको चाहिए सिर्फ गाढ़ा दूध, मावा (खोया), चीनी, अपनी पसंद के ड्राईफ्रूट्स और खुशबू के लिए थोड़ा सा इलायची पाउडर.

सुशील भैया कहते हैं कि दूध को अच्छी तरह उबालकर जब इसमें मावा मिलाया जाता है तो इसकी कंसिस्टेंसी (गाढ़ापन) बिल्कुल वैसी ही हो जाती है जैसी बड़े ब्रांड्स की कुल्फी में होती है. इसके बाद उस घोल में ड्राई फ्रूट्स, चीनी और इलायची पाउडर डालकर मिला लें और ठंडा कर लें.

मिनटों में जम जाएगी कुल्फी

अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि घर पर कुल्फी जमने में बहुत समय लेती है या उसमें बर्फ के क्रिस्टल जम जाते हैं. सुशील भैया ने इसका एक खास तरीका बताया है जिससे कोई भी मात्र 10 मिनट में कुल्फी बना सकता है. जब आप तैयार मिश्रण को सांचे में डालते हैं तो तापमान का सही होना जरूरी है.

Advertisement

3 भाग बर्फ : 1 भाग नमक. यानी अगर आप 3 किलो बर्फ ले रहे हैं तो करीब 1 किलो नमक डालें. इससे तापमान तेजी से गिरता है और आइसक्रीम अच्छी तरह जमती है.

अगर आप इसे सही तकनीक और बर्फ-नमक के मिश्रण (पुराने तरीके) या हाई-कूलिंग मोल्ड में रखते हैं तो यह महज 10 मिनट के अंदर कुल्फी सेट हो जाती है. इससे कुल्फी का टेक्सचर (बनावट) एकदम स्मूद और मलाईदार बना रहता है.

स्वाद और सेहत का ख्याल

घर पर बनाई गई इस कुल्फी की सबसे बड़ी खासियत इसकी शुद्धता होती है. ठेले वाली कुल्फी में इलायची का पाउडर और बारीक कटे हुए बादाम-पिस्ता जब दांतों के नीचे आते हैं तो स्वाद दोगुना हो जाता है.

आप कुल्फी खुद घर पर बना रहे हैं तो आप चीनी की मात्रा को अपने हिसाब से कम या ज्यादा भी कर सकते हैं. यह तरीका न केवल समय बचाता है बल्कि आपको मिलावट के बिना हाइजीनिक डेजर्ट खाने का मौका भी देता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement