घर पर शेफ कुणाल कपूर स्टाइल में बनाएं 'मां की दाल', मिलेगा रेस्टोरेंट जैसा क्रीमी टेस्ट, पड़ोसन भी पूछेगी रेसिपी!
बैसाखी पर शेफ कुणाल कपूर स्टाइल ने खास पंजाबी स्टाइल 'मां की दाल' की आसान रेसिपी शेयर की है, जो बिल्कुल होटल जैसा टेस्ट देगी. अगर आपको दाल मखनी खाना पसंद है, लेकिन बनाने में झंझट लगता है तो इस आसान रेसिपी को घर पर ट्राई कर सकते हैं.
Maa Ki Dal Recipe: बैसाखी का त्योहार सिर्फ खुशियों और नई फसल का जश्न नहीं, बल्कि टेस्टी पंजाबी खाने का भी खास मौका होता है. इस मौके पर घरों में कई तरह की पंजाबी डिशेज बनाई जाती है, जिसमें मां की दाल शामिल ना हो ऐसा हो नहीं सकता है. मां की दाल जिसे आमतौर पर दाल मखनी कहा जाता है और यह डिश हर शादी-फंक्शन में बनाई जाती है. अगर इस बैसाखी आप घर पर दाल मखनी बनाने के बारे में सोच रहे हैं तो इस बार शेफ कुणाल कपूर की यह रेसिपी ट्राई कर सकते हैं, जिससे बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसा टेस्ट आएगा.
Advertisement
क्या है ‘मां की दाल’ की खासियत?
मां की दाल, जिसे पंजाबी ब्लैक दाल या काली दाल भी कहा जाता है, पूरे काले उड़द और थोड़े से राजमा से बनाई जाती है. इसे धीरे-धीरे पकाया जाता है, जिससे इसका टेक्सचर गाढ़ा, क्रीमी और बेहद रिच हो जाता है. आखिर में दाल में मक्खन, क्रीम और देसी तड़का लगाते हैं, जो इस दाल को अलग और खास बनाती है. बैसाखी पर इसे नान, कुलचा या चावल के साथ परोसा जाता है, और हर कौर में घर जैसा अपनापन महसूस होता है.
दाल मखनी के लिए इंग्रेडिएंट्स
1 कप साबुत काला उड़द
6 कप पानी
स्वादानुसार नमक
1 बड़ा चम्मच अदरक (कटा हुआ)
1 बड़ा चम्मच लहसुन (कटा हुआ)
½ छोटा चम्मच हींग
½ कप प्याज (कटा हुआ)
2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
½ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
तड़के के लिए
3 बड़े चम्मच घी
½ कप प्याज (कटा हुआ)
2 छोटे चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
एक चुटकी गरम मसाला
एक चुटकी कसूरी मेथी
सजाने के लिए मक्खन या घी
दाल बनाने का तरीका स्टेप बॉय स्टेप
सबसे पहले उड़द दाल को अच्छी तरह धोकर रातभर भिगो दें. ऐसा करने से बनाते समय दाल जल्दी गल जाती है.
अब इसे प्रेशर कुकर में पानी, नमक, अदरक, लहसुन, प्याज, हींग, काली मिर्च और सरसों के तेल के साथ डालें.
करीब 50 से 55 मिनट तक पकाएं, ताकि दाल पूरी तरह गलकर क्रीमी हो जाए. जरूरत हो तो हल्का सा मैश कर लें.
अब एक पैन में घी गर्म करें और प्याज को सुनहरा होने तक भूनें. इसमें कश्मीरी मिर्च, जीरा पाउडर, गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें.
यह तड़का गर्म-गर्म दाल पर डालें और 2 मिनट और पकाएं. ऊपर से थोड़ा मक्खन डालकर गरमा-गरम परोसें.
दाल मखनी को जब इसे प्याज और नींबू के साथ सर्व किया जाता है, तो यह और भी फ्रेश और हल्की लगती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क