अमेरिका में लापता होने के कुछ दिनों बाद मृत पाए गए 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का परिवार सदमे में है. साकेत के पेरेंट्स अब तक उसकी मौत को स्वीकार नहीं कर पाए हैं और बेटे का शव लेने खुद अमेरिका जाना चाहते हैं. उनका मानना है कि अगर वो खुद शव लेने जाएंगे, तो हो सकता है वो उनके बेटा का न हो.
एमएलसी आरती कृष्णा ने रविवार को साकेत के पिता श्रीनिवासैया और उनकी मां अनुपमा से उनके घर पर मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने न्यूज एजेंसी को बताया कि साकेत के पेरेंट्स को अब तक यकीन नहीं आया है कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं है. कृष्णा ने बताया कि साकेत के पेरेंट्स ने उनसे मदद मांगी है. ऐसे में वो उन्हें जल्द से जल्द इमरजेंसी वीजा दिलाने में मदद कर रही हैं.
आरती कृष्णा ने कहा, वो ये मानने में असमर्थ हैं कि सच में उसका निधन हो गया है. लापता होने से एक दिन पहले उन्होंने उनसे बात की थी और सब कुछ सामान्य और रेगुलर लग रहा था. साकेत ने कभी भी तनाव में होने या किसी परेशानी का संकेत नहीं दिया था.
साकेत की मौत का परिवार नहीं कर पा रहा यकीन
कृष्णा ने बताया कि साकेत के परिवार का अमेरिका में कोई रिश्तेदार नहीं है. उन्हें लगता है कि अगर शव को भारत वापस भेज दिया गया, तो इस मामले की जांच की रफ्तार धीमी हो सकती है. उन्होंने कहा, 'साकेत के पेरेंट्स अभी भी वहां जाना चाहते हैं और सही जांच कराना चाहते हैं. उनके हिसाब से सबकुछ सामान्य लग रहा था और वो ये नहीं समझ पा रहे हैं कि ये कैसे हो सकता है. इसीलिए वो खुद जाना चाहते हैं.'
यह भी पढ़ें: कैलिफोर्निया में लापता हुए भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया की मौत, देखें US TOP-10
बेटे का शव लेने खुद अमेरिका जाना चाहता है परिवार
कृष्णा ने कहा, 'वो खुद शव लेने जाना चाहते हैं और जांच को समझने के लिए यूनिवर्सिटी और पुलिस अधिकारियों से भी बात करना चाहते हैं. उन्होंने रिक्वेस्ट की है कि जांच में तेजी लाई जाए और इसे गंभीरता से लिया जाए.'
लापता होने के बाद मिली थी साकेत की लाश
कर्नाटक के रहने वाले साकेत श्रीनिवासैया कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में मास्टर ऑफ साइंस प्रोग्राम के छात्र थे. वो 9 फरवरी से लापता थे जिसके बाद सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने 14 फरवरी (स्थानीय समय) को छात्र का शव बरामद होने की पुष्टि की. 'द बर्कले स्कैनर' न्यूज पोर्टल की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीनिवासैया का बैकपैक पार्क हिल्स पड़ोस में एक दरवाजे पर पाया गया था, इसमें उसका पासपोर्ट और लैपटॉप था.
aajtak.in