जय बाबा की... केदारनाथ धाम के कपाट खुले, श्रद्धालुओं ने लगाए जयकारे- VIDEO

केदारनाथ के कपाट बुधवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. सुबह 8 बजे कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा की शुरुआत भी हो गई. कपाट खुलते ही धाम में “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही यात्री दर्शन के लिए कतारों में लगे हुए हैं.

Advertisement
केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़. (Photo: Screengrab) केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़. (Photo: Screengrab)

प्रवीण सेमवाल

  • रुद्रप्रयाग ,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:03 AM IST

केदारनाथ मंदिर के कपाट आज यानी कि बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोष से गूंज उठा. इस पावन अवसर पर देश-विदेश से आए हजारों भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और मंदिर परिसर में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला.

Advertisement

भक्तों में दिख रहा रहा है जबरदस्त उत्साह
दर्शन के लिए श्रद्धालु सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े रहे. ठंडे मौसम और कठिन पहाड़ी रास्तों के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है. कई यात्री रात से ही लाइन में लगकर बाबा केदारनाथ के दर्शन का इंतजार कर रहे थे. कपाट खुलने के साथ ही मंदिर के गर्भगृह में बाबा केदार की पंचमुखी स्वयंभू शिवलिंग की विधिवत पूजा-अर्चना की गई और आरती संपन्न हुई.

प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं. भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा और रूट मैनेजमेंट के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. इस वर्ष मौसम अपेक्षाकृत अनुकूल रहने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.

Advertisement
केदारनाथ धाम दर्शन के लिए इस बार लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने किया है रजिस्ट्रेशन. (File Photo/ITG)

स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति लगातार यात्रियों की सुविधा पर ध्यान दे रहे हैं. हेलीकॉप्टर सेवा, पैदल मार्ग और घोड़ा-खच्चर सेवाओं को भी सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है. केदारनाथ न केवल एक धार्मिक स्थल है, बल्कि यह भारतीय आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र भी माना जाता है. मान्यता है कि यहां दर्शन करने से भक्तों के सभी पाप नष्ट होते हैं और उन्हें आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है.

कपाट खुलने के साथ ही पूरा केदारघाटी क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया है. चारों ओर बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच गूंजते मंत्र और श्रद्धालुओं की आस्था इस पवित्र धाम की महिमा को और भी दिव्य बना रही है.  

रविवार को खोले गए थे यमुनोत्री के कपाट
छह महीने के शीतकालीन अवकाश के बाद अक्षय तृतीया के अवसर पर यानी कि रविवार को उत्तराखंड में गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खोले गए थे. उत्तरकाशी जिले में स्थित इन दोनों मंदिरों में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर की गई थी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री मंदिर में आयोजित उद्घाटन समारोह में भाग लिया और देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की.

Advertisement

वहीं पहली बार, तीन मंदिरों—बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाए गए हैं. गंगोत्री मंदिर समिति ने यह अनिवार्य कर दिया है कि परिसर में प्रवेश करने के लिए गैर-सनातनियों को 'पंचगव्य' (गाय का मूत्र, गोबर, दूध, दही और घी का मिश्रण) ग्रहण करना होगा. साथ ही श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने भी यह अनिवार्य कर दिया है कि गैर-हिंदुओं को प्रवेश के लिए सनातन धर्म में अपनी आस्था की पुष्टि करने वाला एक शपथ पत्र (एफिडेविट) जमा करना होगा. 

आपको बता दें कि इस वर्ष अब तक लगभग 19 लाख श्रद्धालुओं ने इस तीर्थयात्रा के लिए पंजीकरण कराया है. पिछले वर्ष 51 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने चार धाम यात्रा की थी.

कपाट खुलने पर PM ने भी किया ट्वीट
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर पीएम मोदी ने भी एक्स पर एक पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने लिखा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं. केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है.
 
इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं. इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं. मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें.
हर-हर महादेव!

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement