पंजाब के तरनतारन जिले में एक सरपंच की सरेआम हत्या ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है. यह घटना तरनतारन के सिद्धू फार्म शेरों में उस समय हुई, जब वहां एक शादी समारोह चल रहा था. बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी से जुड़े मौजूदा सरपंच हरपिंदर सिंह को अज्ञात हमलावर ने समारोह के बीच गोली मार दी. हमलावर ने सरपंच के सिर में गोलियां दागीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद जब सरपंच के भाई ने हमलावर का पीछा करने की कोशिश की, तो उसे भी गोली मार दी गई. भाई इस समय गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. घायलों को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां इलाज जारी है.
सरपंच हरपिंदर सिंह की गोली मारकर हत्या
इस हत्याकांड के बाद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला. मजीठिया ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों का बोलबाला है. साथ ही उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी पार्टी के सरपंच ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना भी नहीं की जा सकती.
मजीठिया ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि पंजाब एक संवेदनशील बॉर्डर स्टेट है और इसकी सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत होना बेहद जरूरी है. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से नहीं चलाया जा सकता.
पीछा करने पर सरपंच के भाई को भी मारी गोली
अकाली नेता ने चिंता जताई कि अब शादी समारोह जैसे आयोजनों में भी ऑटोमैटिक हथियारों का इस्तेमाल हो रहा है. उन्होंने कहा कि यह आतंकवाद के दौर से भी ज्यादा खतरनाक स्थिति को दिखाता है. मजीठिया ने कहा कि पंजाब अब गैंगवार, फिरौती, टारगेट किलिंग और खुलेआम फायरिंग का केंद्र बन चुका है.
वहीं, पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री लालजीत भुल्लर ने कहा कि इस वारदात में शामिल आरोपियों को उन्हीं की तरह जवाब दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से सख्त निर्देश हैं और पुलिस जांच कर रही है. भुल्लर ने यह भी कहा कि मृतक सरपंच एक अच्छा इंसान था और उसे किसी तरह की फिरौती कॉल नहीं आई थी.
बिक्रम मजीठिया ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
मौके पर पहुंचे एसीपी शिव दर्शन सिंह ने बताया कि गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हुई है और एक अन्य गंभीर रूप से घायल है. पुलिस घायलों की सुरक्षा को लेकर अस्पताल पहुंची है और मामले की जांच की जा रही है. इस घटना ने पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.
अमित शर्मा