पंजाब के लुधियाना ज़िले में दो अज्ञात हमलावरों ने कुल्हाड़ी से काटकर एक कांग्रेस नेता की हत्या कर दी. एक एजेंसी के मुताबिक माछीवाड़ा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष परमिंदर तिवारी ने प्रवासी मज़दूरों के लिए किराए के क्वार्टर बनवाए थे. कुम कलां के स्टेशन हाउस ऑफिसर परमदीप सिंह ने बताया कि रविवार शाम को जब तिवारी एक कुर्सी पर बैठे थे, तभी दो अज्ञात हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और उन पर हमला कर दिया. उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई.
सिंह ने कहा कि एक मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है. आरोपियों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं. अपराध के पीछे का मकसद अभी जांच के दायरे में है. पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने इस घटना को लेकर भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है.
वारिंग ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि माछीवाड़ा साहिब के हमारे ब्लॉक अध्यक्ष परमिंदर तिवारी की दिन-दहाड़े हुई हत्या से मैं बहुत ज़्यादा स्तब्ध और दुखी हूं. वह कांग्रेस पंजाब परिवार का एक मेहनती और अभिन्न अंग थे और उनकी कमी बहुत ज़्यादा महसूस हो रही है. दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.
यह भी पढ़ें: मां की गला दबाकर हत्या, हार्ट अटैक की कहानी रचकर बेटे ने सबको किया गुमराह
विपक्ष ने आप सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, फिर भी आप पंजाब सरकार सत्ता में होने के बावजूद सो रही है. वहीं पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि माछीवाड़ा साहिब में हमारे ब्लॉक अध्यक्ष परमिंदर तिवारी की दिन-दहाड़े हुई निर्मम हत्या सिर्फ़ एक हत्या नहीं है, बल्कि यह पंजाब में कानून-व्यवस्था के पूरी तरह से खत्म होने का एक शर्मनाक सबूत है.
बाजवा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि एक समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता, जिसने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया, उसे मार दिया गया. जबकि मान की सरकार शर्मनाक चुप्पी साधे बैठी है. उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, जिन्होंने अपना प्रियजन खोया है.
aajtak.in