कहते हैं कि इंसान की किस्मत कब खुल जाए कहा नहीं जा सकता. कुछ ऐसा ही हुआ है फिरोजपुर जिले के ब्लॉक ममदोट में कबाड़ी का काम करने वाले एक शख्स के साथ. उसकी 10 लाख रुपए की लॉटरी खुल गई है. इतनी बड़ी लॉटरी खुलने के बाद तिलक राज के घर में खुशी का माहौल है. उसने नागालैंड स्टेट लॉटरी डियर 100 सुपर की टिकट खरीदी थी. इसमें उसकी 10 लाख रुपए की लॉटरी निकल आई.
सरमन लॉटरी एजेंट ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया, “पिछली 3 तारीख को तिलक राज नाम के एक व्यक्ति ने हमसे लॉटरी के 6 टिकट खरीदे. उसने इसमें से एक टिकट पर दस लाख रुपए का इनाम जीता है.”
इस मौके पर कबाड़ मजदूर का काम करने वाले तिलक राज ने बताया, “ मैं अपनी पोती को कुछ खिलाने-पिलाने के लिए बाजार लेकर जा रहा था. तभी लॉटरी वाले ने बुलाकर लॉटरी में खरीदने को कहा. मैंने लॉटरी के छह टिकट खरीदे लिए थे. इसमें से आज मेरी और पोती के भाग्य से दस लाख रुपए मिल रहे हैं.“
तिलक राज ने बताया, “लंबे समय से अपनी रोजी-रोटी के लिए कबाड़ का काम कर रहा हूं. सफल होने के लिए मैंने फिल्म इंडस्ट्री में भी काम किया और लॉक डाउन के समय में गांवों में सब्जी भी बेची. मगर, आज भगवान ने मेरी मेहनत का फल दिया है. मैं भगवान का आभारी हूं, जिन्होंने मुझ गरीब की फरियाद को सुना.”
इस मौके तिलक राज के लड़के ने कहा, “किराए के घर में रहना बहुत मुश्किल है. अब हमें उम्मीद है कि हमें अपना घर भी मिल जाएगा. लॉटरी खुलने की वजह से परिवार मे खुशी का माहौल है.”
(इनपुट- अक्षय गलहोत्रा)
aajtak.in