पंजाब के अमृतसर में पुलिस हिरासत के दौरान एक युवक की मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. मृतक के परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि रिमांड के दौरान युवक को बुरी तरह प्रताड़ित किया गया और मारपीट के कारण उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार न्याय की मांग कर रहा है और मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा पिछले पांच दिनों से पुलिस रिमांड में था और उसे एक कार चोरी के मामले में फंसाया गया था. रिमांड के दौरान बेटे की हालत लगातार बिगड़ती रही और उसकी तबीयत बेहद खराब हो गई थी.
यह भी पढ़ें: अमृतसर: पुलिस थाने के पास हुआ तेज धमाका, ग्रामीणों में दहशत...जांच शुरू
परिवार का आरोप है कि रात के समय पुलिस उसे सिविल अस्पताल अमृतसर लेकर पहुंची, जहां वह अत्यधिक ठंड और दर्द से जूझ रहा था और उसका शरीर अकड़ गया था. मां का कहना है कि बेटे की हालत देखकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई.
परिवार ने निजी अस्पताल ले जाने की लगाई गुहार
मृतक की मां ने बताया कि उन्होंने हाथ जोड़कर पुलिस अधिकारियों से बेटे को किसी निजी अस्पताल में भर्ती कराने की अनुमति मांगी, लेकिन उनकी एक भी नहीं सुनी गई. परिवार का आरोप है कि यदि समय रहते सही इलाज मिल जाता, तो युवक की जान बचाई जा सकती थी.
मृतक की पत्नी ने भी रोते हुए बताया कि उनका दो साल का एक बच्चा है और इस घटना ने उनका घर उजाड़ दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके पति के साथ गलत व्यवहार किया और अस्पताल में सही तरीके से भर्ती भी नहीं कराया गया.
परिवार का कहना है कि युवक की हालत गंभीर होने के बावजूद समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया, जिससे उसकी जान चली गई. घटना के बाद परिवार में शोक और गुस्से का माहौल है.
पुलिस का दावा- इलाज के दौरान हुई मौत
वहीं, थाना रंजीत एवेन्यू के पुलिस अधिकारी रोबिन हंस ने बताया कि मृतक चोरी के एक मामले में रिमांड पर था. उन्होंने कहा कि उसकी तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और न्यायिक जांच के जरिए सच्चाई सामने लाई जाएगी. फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और परिवार न्याय की मांग कर रहा है.
अमित शर्मा