महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस का हल्ला बोल, कल देशभर में प्रदर्शन करेंगे कार्यकर्ता

Inflation In India: पेट्रोल-डीजल के दाम पिछले 16 दिनों के अंदर 10 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है. वहीं, सीएनजी में 5 दिन के अंदर 6.60 रुपये बढ़ाए जा चुके हैं.

Advertisement
सांकेतिक तस्वीर सांकेतिक तस्वीर

आशीष श्रीवास्तव

  • लखनऊ,
  • 06 अप्रैल 2022,
  • अपडेटेड 2:48 PM IST
  • कांग्रेस प्रवक्ता बोले- रोज बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दाम
  • 8 साल में भारत के हर परिवार ने 1 लाख रुपये फ्यूल टैक्स दिया- गौरव

Inflation In India: लगातार बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने अब केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है. कांग्रेस इस मुद्दे पर गुरुवार (7 अप्रैल) को देशभर में सड़कों पर प्रदर्शन करने जा रही है. कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी. उत्तर प्रदेश चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस की यह पहली प्रेस कांफ्रेंस थी.

Advertisement

कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि 62 करोड़ अन्नदाताओं को टैक्स के बोझ तले दबाया जा रहा है. पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम पर गौरव वल्लभ ने कहा कि रोज प्रधानमंत्री मोदी का गुड मॉर्निंग मैसेज आता है और 80 पैसे पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए जाते हैं. 16 दिन में 14 बार बढ़ोतरी के बाद 10 रुपए लीटर पेट्रोल और डीजल का दाम बढ़ चुका है. उन्होंने कहा कि पिछले 8 सालों में पेट्रोल और डीजल के टैक्स से 26.51 लाख करोड़ रुपए इकट्ठा किए गए हैं.

कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने दावा किया कि पिछले 8 साल में भारत के हर परिवार ने फ्यूल टैक्स के नाम पर 1 लाख रुपए दिए हैं. मार्च से लेकर अब तक 140 रुपए 50 पैसे एलपीजी में बढ़ोतरी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि टोल टैक्स 10 से लेकर 18 प्रतिशत तक बढ़ गया है. इसका मतलब 6120 करोड़ रूपए लोगों को सड़कों पर चुकाना पड़ा है. सरकार ने होम लोन पर सब्सिडी वापस ले ली और पीएफ भी घटा दिया है. उन्होंने कहा कि जनता को लूटना ही एक उद्देश्य है और वह मोदीनॉमिक्स है. सरकार को 1 लाख 60 हजार 361 करोड़ वापस करना होगा.

Advertisement

22 मार्च से शुरू हुई बढ़ोतरी

बता दें कि पेट्रोल-डीजल के दाम पिछले 16 दिनों के अंदर 10 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है. वहीं, सीएनजी में 5 दिन के अंदर 6.60 रुपये बढ़ाए जा चुके हैं. मंगलवार को ही सीएनजी में 2.50 रुपए की बढ़ोतरी की गई है. पिछले साल 4 नवंबर 2021 से लेकर 21 मार्च 2022 तक पेट्रोल (Perol) और डीजल (Diesel) के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ था. इसके बाद 22 मार्च 2022 से दोनों ही ईंधनों के भाव बढ़ने का सिलसिला शुरू हुआ. अब तक 16 दिन में 14 किस्तों में पेट्रोल और डीजल 10 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement