पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत सरकार पूरी तरह अलर्ट पर है. सबसे बड़ी चिंता वहां काम कर रहे भारतीय बैंक कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर है. सरकार बहरीन, इजरायल और दुबई जैसे देशों में मौजूद सरकारी बैंकों की शाखाओं और वहां तैनात स्टाफ की सुरक्षा की लगातार निगरानी कर रही है.
मिडिल ईस्ट के बिगड़ते हालात के बीच केंद्र सरकार ने एक अहम बैठक की. इसमें बहरीन, इजरायल और दुबई में चल रहे सरकारी बैंकों की शाखाओं के ताजा हालात की जानकारी ली गई. सरकार लगातार हालात का जायजा ले रही है कि युद्ध के इस माहौल में बैंक जाना कितना सुरक्षित है.
यह भी पढ़ें: 1500 रुपये ब्लैक में बिक रहा गैस सिलेंडर, ईरान युद्ध के बीच बढ़ी घबराहट, कई शहरों में लंबी कतारें
SBI और बैंक ऑफ बड़ौदा पर पैनी नजर
इजरायल में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा है, जबकि बहरीन और दुबई में SBI और बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखाएं चल रही हैं. इन बैंकों में काम करने वाले कर्मचारी फिलहाल कड़ी निगरानी में हैं. सुरक्षा के हालात को देखते हुए बैंक मैनेजमेंट इस बात को लेकर चिंतित है कि कर्मचारियों का दफ्तर आना कितना सुरक्षित है.
कर्मचारियों को मिला घर वापसी का विकल्प
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए बैंक कर्मचारियों को बड़ी राहत दी गई है. प्रभावित शाखाओं के स्टाफ को सलाह दी गई है कि वे चाहें तो वर्क फ्रॉम होम कर सकते हैं. इतना ही नहीं, सरकार ने कर्मचारियों को यह विकल्प भी दिया है कि अगर जरूरत पड़े तो वे वापस भारत भी लौट सकते हैं.
यह भी पढ़ें: संसद में वेस्ट एशिया संकट पर चर्चा से क्यों भाग रही सरकार? राहुल गांधी का PM मोदी पर निशाना
राहत की बात यह है कि तमाम तनाव के बावजूद इन बैंक शाखाओं में पैसों का लेन-देन और बाकी बैंकिंग कामकाज फिलहाल सामान्य रूप से चल रहे हैं. सरकार और बैंक की प्राथमिकता अभी वहां मौजूद भारतीय कर्मचारियों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
(इनपुट- करिश्मा)
aajtak.in