आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों का संरक्षण (संशोधन) विधेयक का विरोध किया है. संजय सिंह ने राज्यसभा में इस बिल पर चर्चा के दौरान यह मांग की है कि इसे सलेक्ट कमेटी को भेजा जाए और इसके बाद ही इसको पारित किया जाए. उन्होंने कहा कि जिस समुदाय के लिए आप कानून बनाने जा रहे हैं, उस समुदाय के लोगों से तो बात करिए.
संजय सिंह ने कहा कि सत्तापक्ष के लोग कहते हैं कि किन्नर दारू पीकर आ जाते हैं, सिगरेट पीकर आ जाते हैं. यह कैसी-कैसी बातें कही जा रही हैं यहां. उन्होंने कहा कि कौन बीजेपी के लोग दारू नहीं पीते, सिगरेट नहीं पीते. आप दूध के धुले हो गए. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद को इस पर चेयर से डॉक्टर दिनेश शर्मा ने टोका. दिनेश शर्मा ने चेयर से यह कहा कि अब खतम करिए.
संजय सिंह ने कहा कि आपको (डॉक्टर दिनेश शर्मा) को नहीं कह रहा हूं सर. मुझे मालूम है आप दारू-सिगरेट नहीं पीते. उन्होंने कहा कि यह बिल सलेक्ट कमेटी को भेजा जाए और उसके बाद ही इसे पास किया जाए. संजय सिंह ने इससे पहले बिल का विरोध करते हुए कहा कि हमें गर्व होना चाहिए कि 45 साल बाद तिरुचि शिवा एक बिल लेकर आए थे जो इस सदन से पारित हुआ था. इसे लोकसभा में जाकर आपने पलट दिया.
यह भी पढ़ें: शनिवार-रविवार को रहेगी छुट्टी, नहीं चलेगी संसद... किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में बताया
उन्होंने राम वनगमन का किन्नर समाज से जुड़ा प्रसंग सुनाते हुए कहा कि आप किस समाज से दुश्मनी ले रहे हैं. संजय सिंह ने किन्नर समाज के कल्याण के लिए आवंटन और खर्च के आंकड़ों का उल्लेख कर भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया और कहा कि पूरे देश के किन्नर समाज के लोग आपके चेहरे पर कालिख लगाने का काम करेंगे. आप विश्वासघात कर रहे हैं इस समाज के लोगों के साथ.
यह भी पढ़ें: 'बाहर इनकी बात अलग, सदन में कुछ और...', लोकसभा में पप्पू यादव पर बोले रेल मंत्री
संजय सिंह ने कहा कि इस समाज से लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, मधु, शबनम मौसी, जयिता मंडल, गौरी सावंत, मानवी बंदोपाध्याय जैसी शख्सियतें निकलकर आईं. उन्होंने तंज करते हुए कहा कि आप किसी के तो सगे हो जाओ. नौजवानों को अग्निवीर लाकर धोखा दिया. किसानों को नए कानून लाकर धोखा दिया. अब अपनी पहचान कराने के लिए एक ट्रांसजेंडर को लाइन में खड़ा होना पड़ेगा. इससे ट्रांसजेंडर की बेइज्जती होगी.
aajtak.in