Bharat Gaurav Train: भगवान राम से जुड़े धार्मिक स्थलों पर पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से IRCTC रामायण यात्रा ट्रेनों का संचालन कर रहा है. दूसरी ट्रेन 24 अगस्त से चलाई जानी थी, लेकिन इससे पहले ही IRCTC ने बड़ा फैसला लिया है. भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के तहत चलने वाली रामायण यात्रा ट्रेन को रद्द कर दिया गया है.
आईआरसीटीसी ने सोमवार को बताया, ''24 अगस्त को चलने वाली दूसरी रामायण यात्रा ट्रेन अब यात्रियों की संख्या कम होने के कारण रद्द कर दी गई है. 'भारत गौरव' के तहत रामायण सीरीज की यह दूसरी ट्रेन थी.''
बता दें कि 24 अगस्त को दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से 20 दिनों के टूर पर ‘भारत गौरव’ एसी पर्यटक ट्रेन रवाना होनी थी. लेकिन यात्रियों की संख्या कम होने के चलते इसे रद्द कर दिया गया. यह ट्रेन अयोध्या से नेपाल स्थित जनकपुर तक जानी थी.
इस अनूठी यात्रा के दौरान यात्रियों को भारत की विविधताओं से भरपूर धार्मिक और विरासत स्थलों जैसे अयोध्या, जनकपुर, सीतामढ़ी, काशी, प्रयागराज, चित्रकूट, नासिक, हम्पी, रामेश्वरम, कांचीपुरम और भद्राचलम का दर्शन लाभ प्राप्त होता. खास बात यह थी कि इस यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए इसकी अवधि को 18 दिनों से बढ़ाकर 20 दिनों का कर दिया गया था.
वहीं, यात्रा की पूरी अवधि के दौरान आईआरसीटीसी की टीम स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी सभी प्रोटोकॉल का ध्यान रखती है एवं यात्रियों को सुरक्षित व चिंता मुक्त अनुभव देने का प्रयास करती है. आईआरसीटीसी ने इस 20 दिनों की यात्रा के लिए 73500 रुपये प्रति व्यक्ति का शुल्क निर्धारित किया था. साथ ही बुकिंग पर 15% का डिस्काउंट का भी ऐलान किया था.
aajtak.in