मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) में कमर्शियल शिपिंग रुकने के बीच भारत सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर स्थिति साफ की है. पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि भारत रोजाना लगभग 55 लाख बैरल कच्चे तेल का उपयोग करता है और फिलहाल कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित है. भारत विश्व का चौथा सबसे बड़ा रिफाइनर देश है और घरेलू कच्चे तेल का उत्पादन भी लगभग 28 प्रतिशत तक पहुंच चुका है.
सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है. LPG की जरूरतों का करीब 60 प्रतिशत आयात के माध्यम से पूरा होता है, लेकिन फिलहाल इसकी आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है. राज्यों को कमर्शियल गैस सिलेंडर और 48,000 लीटर केरोसिन मुहैया कराया जाएगा, साथ ही कोयले की आपूर्ति भी बढ़ाई गई है.
प्रेस वार्ता में ही सुजाता शर्मा ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में लोगों को 45 दिनों में गैस सिलेंडर मिलेगा. वहीं, शहरवासियों के लिए थोड़ी राहत की खबर है. शहवासियों के लिए 25 दिन की अवधि तय की गई है.
शिपिंग मंत्रालय के अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि जहाजों के लिए एडवाइजरी जारी कर 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय है. मौतों और लापता नाविक के मामले में सरकार भारतीय नाविकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.
वहीं, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीयों की सहायता के लिए दूतावास सक्रिय हैं. ईरान में करीब 9,000 भारतीयों को मदद मिल रही है, और दुबई में फंसे एक नाविक के शव को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है.
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने एपस्टीन संग जोड़ा हरदीप पुरी का नाम, लोकसभा में हंगामा, भड़के स्पीकर ओम बिरला
विदेश मंत्रालय ने विशेष कंट्रोल रूम बनाया है और यूएई से भारत आने वाली उड़ानों की संख्या बढ़ाई गई है. सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अधिकारी सी. सेंथिल राजन ने सोशल मीडिया पर फैल रही फेक न्यूज़ से सावधानी बरतने का आग्रह किया है.
उन्होंने साफ किया कि LPG सिलेंडरों की आपूर्ति निरंतर हो रही है और किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है. टीवी चैनलों को भी पुराने वीडियो के बार-बार प्रसारण से बचने और सामग्री के साथ तारीख और समय साफ करने का निर्देश दिया गया है. सरकार पूरी तत्परता के साथ लोगों की सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है.
ऐश्वर्या पालीवाल