दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. शुक्रवार को हुई हल्की बारिश और गरज-चमक ने थोड़ी राहत जरूर दी थी, लेकिन उसके बाद मौसम फिर से गर्म हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है और यह लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा. वहीं 22 से 24 अप्रैल के बीच तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे दिल्ली में इस सीजन की पहली हीटवेव (लू) की स्थिति बन सकती है. कुछ इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है.
हालांकि अप्रैल 2026 में अब तक आधिकारिक तौर पर हीटवेव घोषित नहीं हुई है, लेकिन तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है. स्काईमेट के अनुसार, 23 अप्रैल के आसपास एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ेगा, लेकिन इसका असर दिल्ली पर सीमित रहेगा. अगले कुछ दिनों तक आंशिक बादल और हल्की हवाएं चल सकती हैं, लेकिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है.
दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत में प्री-मॉनसून गतिविधियां काफी सक्रिय हैं. गुवाहाटी में पिछले 24 घंटों में 117 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो इस सीजन की सबसे अधिक है. असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और नागालैंड में आने वाले दिनों में भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है.
मौसम सिस्टम के तहत उत्तर बांग्लादेश और सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जबकि असम घाटी में ट्रफ लाइन बनी हुई है. इससे नमी वाली हवाएं क्षेत्र में सक्रिय होकर तेज बारिश और आंधी-तूफान को बढ़ावा दे रही हैं.
20 से 22 अप्रैल के बीच ऊपरी असम और अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों-जैसे तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, धेमाजी, जोरहाट और ईटानगर में तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं. 24 अप्रैल के बाद मौसम और ज्यादा सक्रिय होने की संभावना है, जिससे कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का खतरा बना रहेगा.
aajtak.in