पश्चिम बंगाल के एक गांव में रहने वाली लड़की ने ऐसा काम किया है, जिसकी ब्रिटेन के शाही परिवार ने तारीफ की. दरअसल, प्रियंका मलिक नाम की लड़की ने महारानी कैमिला की ताजपोशी का स्केच बनाकर भेजा था, जिसको लेकर शाही परिवार ने प्रियंका की तारीफ की है. जब ब्रिटिश शाही परिवार की ओर से प्रियंका को एक पत्र मिला तो उसके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के अंतर्गत सिंगुर की एक नवोदित फैशन डिजाइनर प्रियंका मलिक को सीधे यूनाइटेड किंगडम से एक ट्रांसकॉन्टिनेंटल ई-मेल व प्रशंसा पत्र मिला. इसमें द किंग चार्ल्स III के लिए 'बटरफ्लाई ब्रोच' डिजाइन करने के लिए प्रियंका को धन्यवाद दिया गया.
इसके अलावा प्रियंका ने क्वीन कंसोर्ट के लिए गुलाब के फूलों वाली लाल रंग की पोशाक वाला स्केच बनाया था. इसके लिए भी प्रियंका को शादी परिवार की ओर से प्रशंसा मिली है.
29 वर्षीय प्रियंका कोलकाता से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित एक गांव में रहती है. उनके पास इटली के मिलान, हार्वर्ड और अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से डिग्री है. प्रियंका यूके की रॉयल कॉमनवेल्थ सोसाइटी की सदस्य भी हैं.
छह मई को ब्रिटिश राज परिवार में होना है राज्याभिषेक
वेस्टमिंस्टर एब्बे में 6 मई को किंग चार्ल्स III और महारानी कैमिला की ताजपोशी होनी है. इसको लेकर प्रियंका ने महारानी कैमिला की ताजपोशी की डिजाइन का स्केच और द किंग चार्ल्स III के लिए एक ब्रोच डिजाइन कर भेजा था. प्रियंका ने दावा किया कि उन्हें सूचना दी गई है कि उत्सव के दौरान शाही परिवार की शाम की पार्टी में महारानी कैमिला उसका डिजाइन वाली पोशाक पहनेंगी.
एचएम द क्वीन कंसोर्ट प्राइवेट एंड कॉन्फिडेंशियल के उप निजी सचिव के एक पत्र में प्रियंका को इस बारे में मैसेज दिया गया. इसमें लिखा, 'द क्वीन कॉन्सर्ट की ओर से मैं आपको धन्यवाद देना चाहता हूं, जो आपने इतनी प्यारी ड्रेस डिजाइन कर भेजी. द किंग चार्ल्स III को यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि आपने उनके लिए स्केच तैयार कर भेजे. आप बहुत ही प्रतिभाशाली कलाकार हैं.'
शाही पत्र मिलने के बाद क्या बोलीं प्रियंका मलिक?
इंडिया टुडे से बात करते हुए प्रियंका ने कहा कि 'मैं गांव की लड़की हूं. मैंने अपनी जर्नी इसी गांव से शुरू की थी. मैंने यहां स्थानीय स्कूल में पढ़ाई की. इसके बाद इटली मिलान से फैशन डिजाइनिंग ई-लर्निंग कोर्स किया. इसी बीच शाही परिवार के साथ कम्युनिकेट किया. मैंने महारानी एलिजाबेथ के प्लेटिनम जयंती समारोह के लिए स्केच के माध्यम से पोशाक डिजाइन की थी.
प्रियंका ने किंग चार्ल्स III के लिए डिजाइन किया था ब्रोच
इसी के साथ द किंग चार्ल्स III के लिए ब्रोच डिजाइन किया था. पिछले छह महीने से राज परिवार के साथ कम्युनिकेट करने की कोशिश कर रही थी. उसके बाद मुझे अपने डिजाइन पर शाही परिवार की ओर से प्रशंसा पत्र मिला.'
प्रियंका मलिक ने इंडिया टुडे से बात करते हुए दावा किया कि महारानी कैमिला ने मेरी डिजाइन की सराहना की और मुझे व्यक्तिगत रूप से शाही महल से पता चला कि वह 7 मई को शाम की हाउस होल्ड पार्टी में उस डिजाइन का ड्रेस पहनेंगी.
किंग चार्ल्स III के राज्याभिषेक के लिए मुंबई के डब्बावालों ने की तैयारी
प्रिंस चार्ल्स III के भारत आने के बाद से मुंबई डब्बावाला एसोसिएशन का ब्रिटिश शाही परिवार के साथ करीबी रिश्ता रहा है. पिछले साल जब क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय का देहांत हुआ था, तब भी डब्बावालों ने मुंबई में प्रार्थना सभा का आयोजन किया था.
इस बार डब्बावालों ने किंग चार्ल्स III के राज्याभिषेक समारोह के लिए तैयारियां मुंबई में शुरू की हैं. डब्बावालों ने 6 मई को लंदन में होने वाले किंग चार्ल्स III के राज्याभिषेक के दिन के लिए गिफ्ट्स खरीदे हैं.
मुंबई में डब्बावालों द्वारा किंग चार्ल्स के लिए पुनेरी पगड़ी और वारकरी समुदाय की शॉल की खरीदी है. मुंबई के डब्बावाले किंग चार्ल्स III के राज्याभिषेक के दिन उन्हें गिफ्ट देना चाहते हैं. डब्बावालों ने दावा किया कि ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास, ब्रिटिश दूतावास द्वारा उनको किंग चार्ल्स III के राज्याभिषेक में इनवाइट किया गया है.
ऋतिक / पारस दामा