असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रविवार को हिमंता बिस्वा सरमा को राज्य में नई सरकार बनाने का न्योता दिया. एनडीए के नेताओं ने लोक भवन में लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की और हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश किया.
लोक भवन ने एक बयान में कहा, राज्यपाल ने डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को असम में नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, राज्यपाल 12 मई को हिमंत बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे.
इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है.
बता दें, हिमंता बिस्वा सरमा ने पहली बार 2021 में मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था. इस बार के विधानसभा चुनावों में एनडीए ने दो-तिहाई बहुमत हासिल करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीटें जीतीं. बीजेपी को 82 सीटें मिलीं, जबकि सहयोगी एजीपी और बीपीएफ को 10-10 सीटें मिली.
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने 23 अगस्त 2015 को भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था. उनका जन्म 1 फरवरी 1969 को असम के गुवाहाटी स्थित गांधी बस्ती, उलुबारी में एक असमिया ब्राह्मण परिवार में हुआ.
सरमा ने अपनी स्कूली शिक्षा 1985 में कामरूप अकादमी स्कूल, गुवाहाटी से पूरी की और इसके बाद कॉटन कॉलेज, गुवाहाटी से स्नातक की डिग्री हासिल की. छात्र राजनीति में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही और वे 1991-92 के दौरान कॉटन कॉलेज छात्र संघ के महासचिव रहे. सरमा पहली बार 2001 में जालुकबारी से असम विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए.
aajtak.in