AI समिट प्रोटेस्ट की जांच तेज, पुलिस ने दो और आरोपियों को पकड़ा, अब तक कुल 7 अरेस्ट

भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रोटेस्ट मामले में दिल्ली पुलिस ने अजय कुमार विमल और राजा गुर्जर को गिरफ्तार कर कुल गिरफ्तारी संख्या सात कर दी है. पटियाला हाउस कोर्ट ने मुख्य चार आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर पुलिस रिमांड मंजूर की है और एक अन्य आरोपी को दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है.

Advertisement
एआई समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रोटेस्ट मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. (Photo: PTI) एआई समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रोटेस्ट मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. (Photo: PTI)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:12 PM IST

भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रोटेस्ट मामले में कार्रवाई तेज हो गई है. दिल्ली पुलिस ने सोमवार को दो और आरोपियों अजय कुमार विमल (36) और राजा गुर्जर (24) को गिरफ्तार किया, जिसके बाद इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या सात हो गई है. 

पुलिस के अनुसार अजय कुमार विमल मध्य प्रदेश के भिंड जिले से जुड़े इंडियन यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रहे हैं, जबकि राजा गुर्जर ग्वालियर में 2022-25 के दौरान जिला अध्यक्ष रह चुके हैं.

Advertisement

पुलिस रिमांड में भेजे गए बाकी आरोपी

इसी मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब से दिल्ली पुलिस करीब पांच घंटे से पूछताछ कर रही है. पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में सुरक्षा सेंध और प्रदर्शन को गंभीर मानते हुए जांच का दायरा बढ़ाया है.

उधर पटियाला हाउस कोर्ट ने मुख्य चार आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया, जबकि ग्वालियर से पकड़े गए जितेंद्र सिंह यादव को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने पर अदालत ने दो दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर की.

पुलिस जांच में इन बिंदुओं पर फोकस

पुलिस उन ठिकानों की भी जांच कर रही है जहां ‘Compromised PM’ लिखी विवादित टी-शर्ट्स प्रिंट हुईं. इसके अलावा इस पर भी फोकस किया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल के पास और प्रवेश के लिए क्यूआर कोड किसने उपलब्ध कराए. 

Advertisement

एडिशनल सीपी देवेश महला के मुताबिक, जांच का फोकस सुरक्षा में सेंध, आयोजन व यात्रा के खर्च के स्रोत और यह पता लगाने पर है कि क्या यह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि प्रभावित करने की किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement