भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रोटेस्ट मामले में कार्रवाई तेज हो गई है. दिल्ली पुलिस ने सोमवार को दो और आरोपियों अजय कुमार विमल (36) और राजा गुर्जर (24) को गिरफ्तार किया, जिसके बाद इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या सात हो गई है.
पुलिस के अनुसार अजय कुमार विमल मध्य प्रदेश के भिंड जिले से जुड़े इंडियन यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रहे हैं, जबकि राजा गुर्जर ग्वालियर में 2022-25 के दौरान जिला अध्यक्ष रह चुके हैं.
पुलिस रिमांड में भेजे गए बाकी आरोपी
इसी मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब से दिल्ली पुलिस करीब पांच घंटे से पूछताछ कर रही है. पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में सुरक्षा सेंध और प्रदर्शन को गंभीर मानते हुए जांच का दायरा बढ़ाया है.
उधर पटियाला हाउस कोर्ट ने मुख्य चार आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया, जबकि ग्वालियर से पकड़े गए जितेंद्र सिंह यादव को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने पर अदालत ने दो दिन की पुलिस कस्टडी मंजूर की.
पुलिस जांच में इन बिंदुओं पर फोकस
पुलिस उन ठिकानों की भी जांच कर रही है जहां ‘Compromised PM’ लिखी विवादित टी-शर्ट्स प्रिंट हुईं. इसके अलावा इस पर भी फोकस किया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल के पास और प्रवेश के लिए क्यूआर कोड किसने उपलब्ध कराए.
एडिशनल सीपी देवेश महला के मुताबिक, जांच का फोकस सुरक्षा में सेंध, आयोजन व यात्रा के खर्च के स्रोत और यह पता लगाने पर है कि क्या यह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि प्रभावित करने की किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था.
अरविंद ओझा