देश-दुनिया में आज कई बड़ी खबरें सुर्खियों में हैं. भारत-अफगानिस्तान टेस्ट में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी है और एक खिलाड़ी को डेब्यू का मौका मिला है. उधर, NEET पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के लिए कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके दिल्ली पहुंच गए हैं. पटना में खान सर की गिरफ्तारी को लेकर रातभर हंगामा चला, जबकि आर. प्रज्ञानानंदा ने नॉर्वे चेस जीतकर इतिहास रच दिया. वहीं, दिल्ली-NCR में मॉनसून की एंट्री की टाइमलाइन सामने आई है. राजनीति के मोर्चे पर, बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव और राबड़ी देवी ने अपनी जेड प्लस सुरक्षा हटाए जाने से नाराज होकर पूरी सरकारी सिक्योरिटी ही वापस लौटा दी. गिलगित-बाल्टिस्तान चुनाव पर भारत ने पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई है. पढ़ें शनिवार सुबह की बड़ी खबरें
भारत और अफ़गानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट मैच आज से मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला लिया है. भारत और अफ़गानिस्तान दोनों का साल 2026 में ये पहला टेस्ट मैच है. यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के 2025-27 चक्र का हिस्सा नहीं है.
'किताब और तिरंगा लाना न भूलें...', दिल्ली पहुंचते ही बोले कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके
नीट पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए 'कॉकरोच जनता पार्टी' के फाउंडर अभिजीत दिपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे. उन्होंने दिल्ली पहुंचने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, 'लैंडिंग हो गई. जंतर-मंतर पर आप सभी से मिलने का बेसब्री इंतज़ार है, किताब और हमारा तिरंगा लाना न भूलें!'
खान सर को अरेस्ट नहीं कर पाई पुलिस... पटना में रातभर चला ड्रामा, कोचिंग के बाहर डटे रहे स्टूडेंट्स
बिहार की राजधानी पटना में रातभर भारी हंगामे के बीच खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस मशहूर शिक्षक खान सर उर्फ फैजल खान को अरेस्ट नहीं कर पाई. जैसे ही पुलिस टीम KGS कोचिंग पहुंची, बड़ी संख्या में समर्थक छात्र वहां जमा हो गए. खान सर के समर्थन में जुटे छात्रों की वजह से माहौल लगातार तनावपूर्ण बना रहा.
प्रज्ञानानंदा ने रचा इतिहास, नॉर्वे चेस जीतने वाले पहले भारतीय बने
भारत के ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा ने इतिहास रचते हुए प्रतिष्ठित नॉर्वे चेस का खिताब जीत लिया है. फाइनल राउंड में उन्होंने जर्मनी के विन्सेंट कीमर को हराकर यह उपलब्धि हासिल की और ऐसा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने. छह खिलाड़ियों के इस एलीट टूर्नामेंट में आर. प्रज्ञानानंदा की शुरुआत धीमी रही, लेकिन दूसरे हाफ में उन्होंने शानदार वापसी की.
Monsoon in Delhi: दिल्ली-NCR में कब होगी मॉनसून की एंट्री? IMD ने जारी की टाइमलाइन
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 25 से 30 जून के बीच दिल्ली और पूरे NCR क्षेत्र में दस्तक दे सकता है. IMD के मॉनसून मैप के मुताबिक, दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाज़ियाबाद में मॉनसून के पहुंचने की संभावना जून के आखिरी सप्ताह में है. इसी दौरान मॉनसून हरियाणा, पंजाब के कुछ हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है.
Z प्लस सिक्योरिटी हटाने से लालू-राबड़ी नाराज, लौटाई सरकारी सुरक्षा
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने सुरक्षा में कटौती से नाराज़ होकर अपनी सरकारी सुरक्षा वापस कर दी है. हाल ही में उनकी Z प्लस सुरक्षा हटाकर बिहार पुलिस के जवान तैनात किए गए थे. इस फैसले के बाद राष्ट्रीय जनता दल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कदम बताया है.
पाकिस्तान कब्जे वाले गिलगित-बाल्टिस्तान में करा रहा चुनाव, भारत ने फटकारा
भारत ने गिलगित-बाल्टिस्तान में चुनाव कराए जाने पर पाकिस्तान को कड़ी फटकार लगाई है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह क्षेत्र भारत का अभिन्न हिस्सा है और वहां 7 जून को होने वाले तथाकथित चुनाव पाकिस्तान के अवैध कब्जे को वैधता नहीं दे सकते. भारत ने इस्लामाबाद से कब्ज़े वाले सभी भारतीय क्षेत्रों को खाली करने की भी मांग की है.
aajtak.in