पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की हार के बाद भी ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार किया. वहीं, भारत सरकार ने बंगाल की खाड़ी में NOTAM जारी किया है. यह चेतावनी 25 अप्रैल से 6 मई 2026 तक लागू रहेगी. इन खबरों के अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के फुजैरा स्थित ऑयल फैसिलिटी पर हुए ईरानी ड्रोन अटैक की निंदा की है. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
'मेरे इस्तीफे का सवाल नहीं, हम चुनाव हारे नहीं हराया गया...', बंगाल के नतीजों पर बोलीं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद ममता बनर्जी मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. ममता बनर्जी ने इस्तीफे के सवाल पर कहा, 'मेरे इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं. हम चुनाव हारे नहीं है.' यह पूछे जाने पर कि क्या वह राजभवन जाएंगी. इस पर ममता बनर्जी ने कहा कि हम नैतिक रूप से जीते हैं. मैं लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं दूंगी.
बंगाल की खाड़ी में NOTAM जारी, हो सकता है अग्नि-4 मिसाइल का परीक्षण
भारत सरकार ने बंगाल की खाड़ी में लंबी दूरी की मिसाइल परीक्षण के लिए NOTAM जारी किया है. यह चेतावनी 25 अप्रैल से 6 मई 2026 तक लागू रहेगी. NOTAM में करीब 3550 किलोमीटर लंबा खतरे का इलाका घोषित किया गया है. इस दौरान अग्नि फॉर मिसाइल का परीक्षण किया जा सकता है. यह परीक्षण ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ के आसपास होने जा रहा है.
'भारत मजबूती से यूएई के साथ', PM मोदी ने की फुजैरा हमले की कड़ी निंदा
UAE ने दावा किया कि ईरानी ड्रोन अटैक से Fujairah की oil facility में आग लग गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की निंदा की. उन्होंने X पर पोस्ट किया कि इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं, जिसमें 3 भारतीय नागरिक घायल हुए हैं. पीएम मोदी ने कहा है कि नागरिकों और बुनियादी ढांचों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है.
Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में मौसम सुहावना, द्वारका में बारिश के साथ गिरे बड़े-बड़े ओले
दिल्ली के कई इलाकों में मंगलवार दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया है. तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई और उसके साथ-साथ ओलावृष्टि भी हुई है. द्वारका इलाके में बारिश के साथ बड़े-बड़े ओले पड़े हैं. लोगों ने बताया कि गोल्फ बॉल के आकार के ओले गिरे. इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास भी बारिश के साथ ओले गिरे हैं.
चंडीगढ़: इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक में ब्लास्ट, इमरजेंसी गेट से निकाले गए पैसेंजर
हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची इंडिगो फ्लाइट में लैंडिंग के बाद एक यात्री के बैग से अचानक धुआं निकलने लगा. लैंडिंग के बाद विमान रनवे पर खड़ा था और यात्री अभी उतर भी नहीं पाए थे, तभी यह घटना हुई. इसके बाद यात्रियों को इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला गया. पता चला कि यात्री के बैग में रखे पावर बैंक में ब्लास्ट हुआ था, जिससे धुंआ उठा था.
'टिकट के बदले मांगे 5 करोड़', क्रिकेटर मनोज तिवारी ने छोड़ी TMC, ममता पर लगाए ये आरोप
पश्चिम बंगाल में हार के बाद TMC को एक और झटका लगा है. टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने TMC से अपना नाता तोड़ लिया है. साथ ही उन्होंने टीएमसी पर गंभीर पर आरोप लगाया. मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि पार्टी ने उन्हें हावड़ा की शिबपुर सीट से टिकट देने से इसलिए मना कर दिया, क्योंकि उन्होंने 5 करोड़ देने से इनकार कर दिया था.
कार एक्सीडेंट में मलयालम अभिनेता संतोष नायर का निधन, इलाज के दौरान आया हार्टअटैक, पत्नी की हालत नाजुक
मलयालम एक्टर संतोष नायर का 65 साल की उम्र में निधन हो गया है. संतोष नायर कार दुर्घटना में घायल हुए थे. हॉस्पिटल में ट्रीटमेंट के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी हालत बिगड़ती चली गई. आखिर में उन्होंने दम तोड़ दिया. इस कार एक्सीडेंट में उनकी पत्नी राजलक्ष्मी भी घायल हुई थीं, वे अभी भी एडमिट हैं. उनकी हालत क्रिटिकल बताई जा रही है.
Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में IPL मैच के चलते ट्रैफिक अलर्ट, आज शाम 5 बजे से इन रास्तों पर जाने से बचें
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल मैच होने के चलते आज ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. आज शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड और बीएसज़ेड मार्ग पर भारी जाम लगने की आशंका है. ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को इन रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है.
मीरा रोड लोन वुल्फ अटैक मामले में UAPA लागू, ATS की जांच में मिले ISIS कनेक्शन और कट्टरपंथ के सुराग
मुंबई के मीरा रोड इलाके में हुए लोन वुल्फ अटैक ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है. आरोपी जैब जुबेर अंसारी पर अब UAPA के तहत कार्रवाई की जा रही है. महाराष्ट्र ATS इस मामले में न सिर्फ हमले की वजह बल्कि उसके पीछे संभावित कट्टरपंथी नेटवर्क की भी गहराई से जांच कर रही है. आरोपी जैब ने 2 सिक्योरिटी गार्ड्स पर हमला किया था.
हारते ही घटा ममता का रुतबा, पुलिस ने घर के सामने से हटाया एडवांस ऑटोमेटेड गेट
पश्चिम बंगाल पुलिस ने टीएमसी नेता ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर लगे एडवांस ऑटोमेटेड गेट को हटा दिया है और इस रास्ते को आम लोगों के लिए खोल दिया गया है. साथ ही ममता बनर्जी के घर के बाहर की सुरक्षा कम कर दी गई है. बतौर CM ममता के घर के बाहर स्टील का गेट लगा था, लेकिन काउंटिंग के बाद स्टील के इस गेट को हटा दिया गया है.
aajtak.in