आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 3 मार्च 2026 की खबरें और समाचार: पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति के बाद बहरीन और सऊदी अरब के शीर्ष नेताओं से भी फोन पर बात की. वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य कर्मचारियों का डीए 3 फीसदी बढ़ाने का ऐलान किया. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
UAE के बाद पीएम मोदी ने इन दो देशों के टॉप लीडर्स को लगाया फोन, हमलों की निंदा की
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. यूएई के राष्ट्रपति से बातचीत के बाद अब उन्होंने बहरीन और सऊदी अरब के शीर्ष नेताओं से भी फोन पर बात की. इस दौरान पीएम मोदी ने हालिया हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत अपने मित्र देशों के साथ खड़ा है.
होली पर मोहन सरकार का बड़ा धमाका! MP में DA 3% बढ़ाने का ऐलान, सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने प्रदेश के कर्मचारियों के डीए में 3% की बढ़ोतरी की घोषणा की है. अब राज्य के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 58% हो गया है, जो केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बराबर है. मुख्यमंत्री ने बताया कि कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ अप्रैल के वेतन से मिलेगा, जिसका भुगतान मई 2026 में किया जाएगा.
दिल्ली में मार्च की शुरुआत में ही पारा 30 °C के पार, इस हफ्ते और बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली में इस सप्ताह गर्मी का असर और तेज होने वाला है. मौसम में हो रहे बदलावों के बीच सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा है. वहीं न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 1.7 डिग्री अधिक है. आईएमडी ने आने वाले दिनों में और तापमान बढ़ने का अनुमान जताया है.
टीम इंडिया की तेज गेंदबाजी को नई धार देने की तैयारी, BCCI ने जहीर खान को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
बीसीसीआई ने भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में स्पेशल फास्ट बॉलिंग कैम्प कराने की जिम्मेदारी सौंपी है. यह विशेष कैम्प 28 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित किया जाएगा. आज तक के अनुसार, इसमें अलग-अलग राज्य संघों से चुने गए युवा तेज गेंदबाज हिस्सा लेंगे.
दिल्ली में महिलाओं-ट्रांसजेंडर्स के लिए 'पिंक सहेली कार्ड' लॉन्च, बसों में मुफ्त सफर के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं
दिल्ली सरकार ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों के लिए 'पिंक सहेली कार्ड' लॉन्च कर दिया है. यह एक स्मार्ट कार्ड होगा, जो न सिर्फ बसों में काम करेगा, बल्कि इसे आप मेट्रो में भी इस्तेमाल कर सकेंगे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक खास कार्यक्रम में इस योजना की शुरुआत की है. इस कार्ड को बनवाने के लिए आपको कोई पैसा नहीं देना होगा.
AI समिट हंगामा: भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को राहत, रिहाई का रास्ता साफ
इंडिया AI इंपैक्ट समिट में शर्टलेस विरोध प्रदर्शन मामले में गिरफ्तार इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है. दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को सत्र अदालत के उस आदेश पर रोक लगा दी, जिसने चिब की जमानत को रोक दिया था. दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले में सत्र अदालत के आदेश पर कड़ा ऐतराज जताया.
मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच खाड़ी देशों से भारत के लिए विमान सेवाएं शुरू, अबू धाबी से दिल्ली-मुंबई पहुंची फ्लाइट्स
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच सोमवार को अबू धाबी से दिल्ली और मुंबई के लिए सीमित विमान सेवाएं फिर से शुरू की गई हैं. इसी क्रम में कई विमानों ने अबू धाबी से दिल्ली और मुंबई के लिए उड़ान भरी. हालांकि खाड़ी देशों का एयर स्पेस अब भी बेहद संवेदनशील बना हुआ है और एयरलाइंस सावधानी बरत रही हैं.
NCP नेता धनंजय मुंडे को क्लीन चिट, कृषि उत्पादों की खरीद में धांधली का था आरोप
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और एनसीपी नेता धनंजय मुंडे को राज्य लोकायुक्त ने बड़ी राहत दी है. सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया के लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को लोकायुक्त ने खारिज कर दिया है. इसमें खेती के सामान की खरीद में धांधली और 'लाभ के पद' पर होने जैसे आरोप शामिल थे. ये मामला धनंजय मुंडे के कृषि मंत्री रहने के दौरान का है.
खामेनेई की मौत के बाद PAK में हिंसक प्रदर्शन, अमेरिका को बंद करना पड़ा अपना कांसुलेट
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद पाकिस्तान में भड़के हिंसक प्रदर्शनों ने अमेरिकी राजनयिक गतिविधियों को प्रभावित किया है. आज तक के अनुसार, हालात की गंभीरता को देखते हुए अमेरिका ने पेशावर स्थित अपने वाणिज्य दूतावास को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, जबकि कराची और लाहौर स्थित कांसुलेट में वीजा सेवाएं निलंबित कर दी हैं.
दुबई में धमाकों के बीच फंसी ये 'मिस इंडिया', घर वापस लौटने को परेशान, चिंता में परिवार
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और धमाकों के कारण एयरस्पेस बंद, यूएई के कुछ हिस्सों में हालात बिगड़े हुए हैं. कई इंटरनेशनल यात्री दुबई में फंस गए हैं. इनमें बिग बॉस फेम और मिस इंडिया रनर अप मान्या सिंह भी हैं. उनकी वापसी फ्लाइट सस्पेंड हो गई, जिससे वह विदेश में अकेली फंस गईं. आज तक के अनुसार, मान्या 26 फरवरी को यूएई एक कॉलेज कॉन्फ्रेंस में स्पीकर थीं.
aajtak.in